128 Views

एलन मस्क की संपत्ति में आई गिरावट तो बढ़ गई मुकेश अंबानी की नेटवर्थ, जानिए दुनिया के टॉप-१० अरबपतियों की सूची

न्यूयॉर्क ,०६ सितंबर । दुनिया में टॉप अरबपतियों की लिस्ट में शामिल लोगों की संपत्ति में उतार-चढ़ाव जारी है। फिलहाल दुनिया में टॉप अरबपतियों की लिस्ट में एलन मस्क मौजूद है। इनके बाद फ्रांस के अरबपति बर्नार्ड अर्नाल्ट आते हैं।
आइए, जानते हैं कि दुनिया के टॉप अरबपतियों की लिस्ट में कौन-कौन शामिल है? इसके साथ ही इनके पास कितनी संपत्ति है?
टॉप-१ पर एलन मस्क
अगर दुनिया के टॉप-१ अरबपति की बात करें तो उस पायदान पर एलन मस्क मौजूद है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के अनुसार २४ घंटों में इनकी संपत्ति में ९.३५ अरब डॉलर की गिरावट दर्ज हुई है। इसके बाद एलन मस्क की नेटवर्थ २२६ अरब डॉलर हो गई है। संपत्ति में गिरावट के बाद भी यह दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं।
आपको बता दें कि एलन मस्क टेस्ला , स्पेसएक्स और ट्विटर जैसी कंपनियों के मालिक है।
बर्नार्ड अर्नाल्ट की नेट वर्थ
दुनिया में टॉप-१० लिस्ट में दूसरे पायदान पर बर्नार्ड अर्नाल्ट शामिल है। बीते २४ घंटे में इनकी संपत्ति में भी गिरावट देखने को मिली है। बर्नार्ड अर्नाल्ट फ्रांस के सबसे अमीर व्यक्ति है। इनकी संपत्ति में ३.०४ अरब डॉलर की गिरावट देखने को मिली है। इस गिरावट के बाद इनकी नेट वर्थ १८३ अरब डॉलर रह गई है।
टॉप-१० अरबपतियों की लिस्ट
आपको बता दें कि टॉप-१० अरबपतियों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर जेफ बेजोस शामिल है। इनकी नेट वर्थ १६२ अरब डॉलर है। वहीं, लैरी एलिसन की नेट वर्थ १३४ अरब डॉलर है, वह चौथे नंबर पर हैं। पांचवें पायदान पर बिल गेट्स शामिल हैं। इनकी नेट वर्थ १२९ अरब डॉलर है जबकि लैरी पेज की नेट वर्थ १२२ अरब डॉलर है और वह छठे नंबर पर हैं।
इसके बाद सातवें स्थान पर वॉरेन बफे , आठवें स्थान पर सर्गेई ब्रिन , नौवें स्थान पर स्टीव बाल्मर और दसवें नंबर पर मार्क जुकरबर्ग हैं।
मुकेश अंबानी की नेट वर्थ बढ़ी
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की संपत्ति में इजाफा देखने को मिला है। २४ घंटे में इनकी नेट वर्थ ६.७० अरब डॉलर बढ़ गई है। अब इनकी कुल संपत्ति ९१.२ अरब डॉलर हो गई है। इस बढ़ोतरी के बाद वह दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में १२वें स्थान पर हैं।
पिछले हफ्ते रिलायंस इंडस्ट्रीज के एम-कैप में भारी गिरावट आई है। इसके बाद भी यह भारत की सबसे वैल्यूएबल कंपनी की लिस्ट में नंबर-१ पर है।
गौतम अदाणी की संपत्ति में बढ़त
भारतीय उद्योगपति गौतम अदाणी की संपत्ति में बढ़त दर्ज हुई है। २४ घंटे में इनकी कुल संपत्ति में ८०१५ करोड़ रुपये की बढ़ोतरी आई है। इसके बाद इनकी नेट वर्थ ६२.८ अरब डॉलर हो गई है। यह दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में २१वें स्थान पर हैं।

Scroll to Top