168 Views

वैगनर के सैनिक घर लौटें या बेलारूस जाएं : पुतिन

मॉस्को, २८ जून। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने वैगनर निजी सैन्य समूह के सदस्यों से देश के रक्षा मंत्रालय के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर करने और घर लौटने या बेलारूस जाने का आग्रह किया है। पुतिन ने सोमवार की रात देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि वैगनर समूह के अधिकांश लड़ाके रूस के देशभक्त हैं और उनका बस इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने कहा, हम जानते है कि वैगनर समूह के अधिकांश लड़ाके और कमांडर भी रूसी देशभक्त हैं, जो अपने लोगों और राज्य के प्रति समर्पित हैं। उन्होंने ज़ोर दिया कि सशस्त्र विद्रोह के दौरान उनकी जानकारी के बिना उनका इस्तेमाल किया गया था।
उन्होंने कहा कि रूस में विद्रोह के आयोजकों ने देश और उनका अनुसरण करने वालों को धोखा दिया। उन्होंने वैगनर समूह के सैनिकों को देश के रक्षा मंत्रालय के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर करने, घर लौटने या बेलारूस जाने का प्रस्ताव दिया। पुतिन ने विद्रोह को रोकने वाले सभी रूसी सैनिकों, कानून प्रवर्तन अधिकारियों और विशेष सेवाओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, मैं अपने सभी सैनिकों, कानून प्रवर्तन अधिकारियों, विशेष सेवाओं को धन्यवाद देता हूं जो विद्रोहियों के रास्ते में खड़े रहे। आप अपने कर्तव्य और लोगों के प्रति वफादार रहे हैं।
उन्होंने विद्रोह के प्रयास को सुलझाने में मध्यस्थता की भूमिका के लिए बेलारूसी राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको को भी धन्यवाद दिया। रूस की राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी समिति ने शनिवार को घोषणा की कि संभावित आतंकवाद को रोकने के लिए मास्को शहर, मास्को क्षेत्र और वोरोनिश क्षेत्र में एक आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन शासन शुरू किया गया है। वैगनर निजी सैन्य समूह पर सशस्त्र विद्रोह आयोजित करने का प्रयास करने का आरोप लगने के बाद कार्रवाई की गई।

Scroll to Top