151 Views

फ्रांस में हिंसा जारी, ६६७ लोग गिरफ्तार

पेरिस, ०२ जुलाई । पश्चिमी पेरिस के उपनगर नैनटेरे में चार दिन पहले एक पुलिस अधिकारी द्वारा १७ वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या करने के बाद से फ्रांस में हिंसा जारी है और देश भर में ६६७ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी फ्रांस के आंतरिक मंत्री गेराल्ड डर्मैनिन ने दी।
मंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा, कल रात, हमारे पुलिस अधिकारियों और अग्निशामकों ने बहादुरी से एक बार फिर हिंसा का सामना किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने देश भर में ६६७ लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने कहा कि इले-डी-फ्रांस क्षेत्र में रात भर में ३०७ दंगाइयों को गिरफ्तार किया गया। मंत्री ने यह भी कहा कि इस दौरान २४९ पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुरुवार को देश भर में करीब ४०,००० पुलिस बल तैनात किए गए, इनमें पेरिस में तैनात ५,००० पुलिस बल भी शामिल हैं।
इले-डी-फ्रांस क्षेत्र के अध्यक्ष वैलेरी पेक्रेसे ने घोषणा की कि रात ९ बजे के बाद क्षेत्र में बसें और ट्रामवे नहीं चलेंगे। पेरिस के उपनगर ऑबर्विलियर्स में एक बस केंद्र में दंगाइयों ने १२ बसें जला दीं। फ्रांसीसी अखबार ले पेरिसियन के मुताबिक, सड़कों पर आग लगने की ३,८८० घटनाएं हुईं। लगभग १,९१९ वाहन और ४९२ इमारतें जला दी गईं।
इले-डी-फ्ऱांस क्षेत्र के एवरी-कौरकोरोन्स में पुलिस स्टेशन का दौरा करते हुए, फ्रांसीसी प्रधान मंत्री एलिज़ाबेथ बोर्न ने कहा कि सरकार आपातकाल की स्थिति बहाल करने की संभावना से इंकार नहीं करेगी। गौरतलब है कि मंगलवार को, एक फ्रांसीसी पुलिस अधिकारी ने गोली मारकर १७ वर्षीय एक किशोर की हत्या कर दी थी। इसके कारण पूरे फ्रांस में हिंसक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।

Scroll to Top