241 Views

विक्की कौशल ने करण जौहर से फिर मिलाए हाथ, किया नई फिल्म का ऐलान

मुंबई,२९ जुलाई। अभिनेता विक्की कौशल कई फिल्मों में अपने अभिनय का जलवा बिखेर चुके हैं। पिछली बार उन्हें फिल्म जरा हटके जरा बचके में देखा गया और उनकी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया। इससे पहले उन्हें करण जौहर की फिल्म गोविंदा नाम मेरा में देखा गया था। अब उन्होंने करण के साथ अपनी नई फिल्म का ऐलान कर दिया है। विक्की ने खुद सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या लिखा।
विक्की ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्टर साझा कर लिखा, बहुत सारे प्यार और बहुत सारे मनोरंजन के साथ आ रहे हैं हम। आप सभी से २३ फरवरी, २०२४ को सिनेमाघरों में मिलते हैं। अमृतपाल बिंद्रा ने धर्मा प्रोडक्शंस के साथ मिलकर यह फिल्म बनाई है। आनंद तिवारी ने इसके निर्देशन की कमान संभाली है। फिल्म में विक्की के साथ अभिनेत्री तृप्ति डिमरी नजर आएंगी, जो पहली बार एक जुदा अवतार में दिखेंगी। इसमें एमी विर्क भी अहम भूमिका में हैं।
करण ने फिल्म की घोषणा करते हुए एक लंबा-चौड़ा नोट सोशल मीडिया पर साझा किया। इस पर तृप्ति ने लिखा, मैं सातवें आसमान पर हूं। मेरा उत्साह चरम पर है। मुझ पर भरोसा करने के लिए शुक्रिया करण। इस फिल्म के जरिए दर्शकों को मनोरंजन का जबरदस्त डोज मिलने वाला है। फिल्म में कॉमेडी का छौंक भी खूब लगेगा। सिनेमाघरों में दस्तक देने के बाद यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। जल्द ही इसका नाम सामने आएगा।
सोशल मीडिया पर जैसे ही इस फिल्म का ऐलान हुआ, प्रशंसकों की खुशी का ठिकाना रहा। एक ने लिखा, मतलब यह कि अगली सुपरहिट फिल्म रिलीज के लिए तैयार है। एक ने लिखा, बेसब्री से इंतजार है, वहीं दूसरे ने लिखा, अब आएगा ना मजा। एक ने लिखा, बेहतरीन कलाकारों से सजी इस फिल्म को देखने का इंतजार नहीं कर सकते। एक ने लिखा, बहुत-बहुत शुभकामनाएं फिल्म की पूरी टीम को। इस घोषणा से दिल खुश हो गया है।
विक्की आने वाले दिनों में एक से बढकऱ एक फिल्मों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। सैम बहादुर उनकी आने वाली बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शुमार है, जिसमें वह भारत के पहले फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ का जीवन पर्दे पर उतारेंगे। दूसरी तरफ वह निर्देशक लक्ष्मण उतेकर के साथ एक फिल्म लेकर आ रहे हैं, जिसका नाम छावा रखा गया है। विक्की पूर्व विश्व सुंदरी मानुषी छिल्लर के साथ कॉमेडी फिल्म द ग्रेट इंडियन फैमिली में भी काम कर रहे हैं।

Scroll to Top