वाशिगंटन, ०३ फरवरी।
अमेरिका को शक है कि एक संदिग्ध निगरानी गुब्बारा अमेरिका के संवेदनशील स्थलों पर नजर रख रहा है। सैन्य अधिकारियों को शक है गुब्बारा चीन ने छोड़ा है और यह खतरनाक हो सकता है। इसे हाल ही में पश्चिमी राज्य मोंटाना के ऊपर देखा गया था। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को स्थिति से अवगत करा दिया गया है। चीन ने अभी तक इसपर कोई टिप्पणी नहीं की है।
पेंटागन रक्षा अधिकारियों ने कहा ने कहा कि वह संयुक्त राज्य अमेरिका के ऊपर उड़ने वाले एक चीनी जासूसी गुब्बारे पर नजर रख रहा है, जिसे लेकर आशंका जताई जा रही है कि यह गुब्बारा अत्यधिक संवेदनशील परमाणु हथियार स्थलों की निगरानी कर रहा है। एक वरिष्ठ अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने बताया कि शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने गुब्बारे को नीचे गिराने पर विचार किया, मगर इस डर से ऐसा नहीं किया, क्योंकि इससे जमीन पर कई लोगों को खतरा हो सकता है।
अमेरिका के आसमान में चीनी स्पाई बैलून उड़ता दिखने के बाद से अमेरिकी प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया है और उसने चीनी राजनयिक को समन जारी किया है। कहा जाता है कि गुब्बारा अमेरिका के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में उड़ रहा है, जहां संवेदनशील एयरबेस और रणनीतिक मिसाइलें हैं। एक समाचार एजेंसी ने एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से बताया कि स्पष्ट रूप से इस चीनी स्पाई गुब्बारे का इरादा निगरानी करना है और यह कई संवेदनशील साइटों के ऊपर उड़ान भर रहा है। फिलहाल, अभी यह चीनी गुब्बारा नॉर्दर्न मोंटाना के आसमान में उड़ रहा है और इसके पीछे अमेरिकी एयरफोर्स के विमान भी लग चुके हैं।



