111 Views

अमेरिका में अज्ञात हमलावरों ने की गोलीबारी, २ लोगों की मौत

वाशिंगटन,१५ मई। बंदूक हिंसा से बुरी तरह से त्रस्त अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही है। अमेरिका के एरिजोना राज्य में एक बार फिर गोलीबारी देखने को मिली है। शनिवार की रात हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और ५ लोग इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार यह हमला अज्ञात लोगों ने किया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। खबरों के मुताबिक घायलों की आयु १५-२० वर्ष के लगभग बताई जाती है। वहीं मृतकों की आयु १९ और २० वर्ष थी। गोलीबारी के बाद सभी घायलों को आनन-फानन में रीजनल मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया था जहां दो युवकों को मृत घोषित कर दिया गया।
अबतक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमलावर कौन थे और क्यों उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस इस बाबत जांच कर रही है। पुलिस की मानें तो मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। इस वर्ष अमेरिका में गोलीबारी की घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक साल २०२३ में गोलीबारी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही है। इस साल अबतक १७ गोलीबारी की घटनाएं हो चुकी हैं जिसमें ८८ लोगों की जान जा चुकी है।

Scroll to Top