जापान, १२ जून। जापान में एक हादसे में दो विमान आपस में टकरा गए। गनीमत है कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। दोनों जहाजों के टकराने के बाद फ्लाइट में सवार यात्रियों की जान हलक में सूख गई।
प्लेन के टकराने से वहां अफरातफरी मच गई। दोनों विमानों के टकराने से एक विमान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। यह घटना जापान के टोक्यो के हनेडा एयरपोर्ट पर हुई। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। रनवे पर बैंकॉक जा रहा थाई एयरवेज का विमान मौजूद था, विमान उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था। उस समय ईवा एयरवेज का एक और विमान वहां आ गया। दुर्भाग्यवश दोनों विमान टकरा गए। यह पता नहीं चल पाया है कि दोनों विमान रनवे पर अगल-बगल कैसे आ गए।
दोनों विमानों की टक्कर की वजह से थाई विमान के पंखे के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। क्षतिग्रस्त होने के बाद सुरक्षा कारणों से इस विमान को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई। उस विमान में २५० यात्री और क्रू मेंबर के १४ सदस्य सवार थे। हालांकि, ईवा एयरवेज के अधिकारियों ने हादसे के बारे में कुछ नहीं कहा है। दुर्घटना के कारण हवाईअड्डे का एक रनवे स्थानीय समयानुसार रविवार सुबह ११ बजे से बंद है।
घटना के बाद, टकराव के कारण और इस तरह घटनाओं के बारे में सवाल उठ रहे हैं। टोक्यो हवाई अड्डे के कार्यालय ने स्थिति की जांच करने और विवरण का पता लगाने के लिए तुरंत स्टाफ सदस्यों को भेजा। थाई एयरवेज ने पुष्टि की कि जापान के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने घटना की जांच शुरू कर दी है। उम्मीद है कि यह चल रही जांच से यह स्थिति साफ हो पाएगी कि दोनों प्लेन रनवे पर इतने करीब कैसे आ गए।