189 Views

जमैका में ट्रूडो के विमान ने फिर कराई फजीहत, ख़राब होने के बाद सेना ने भेजा दूसरा विमान

ओटावा,०६ जनवरी। एक बार फिर प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के विमान में आई खराबी ने विदेश में कैनेडा की फजीहत करा दी। जिस विमान से प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो पारिवारिक छुट्टियों के लिए जमैका गए थे, वह इस सप्ताह की शुरुआत में खराब हो गया, जिसके बाद कैनेडियन सेना को मरम्मत दल के साथ दूसरा विमान कैरेबियन द्वीप पर भेजना पड़ा।
रक्षा विभाग की प्रवक्ता एंड्री-ऐनी पौलिन का कहना है कि ट्रूडो के कैनेडा वापस जाने से पहले मंगलवार को रॉयल कैनेडियन एयर फ़ोर्स सीसी-१४४ चैलेंजर पर एक रखरखाव समस्या का पता चला था। इसके बाद कैनेडियन सशस्त्र बलों ने जमैका में एक दूसरा विमान और रखरखाव दल भेजा ताकि विमान में आई कमियों को दुरुस्त किया जा सके।
गौरतलब है कि कुछ ही महीनों में यह दूसरी बार है जब विमान की समस्याओं के कारण ट्रूडो को किसी दूसरे देश में रुकना पड़ा, पिछले सितंबर में सीसी-१५० पोलारिस विमान में तकनीकी समस्याओं के कारण उन्हें दो दिनों के लिए भारत में फंसे रहना पड़ा था।
जमैका में चैलेंजर के साथ समस्याओं के कारण के बारे में पूछे जाने पर सरकार ने जानकारी नहीं दी।

Scroll to Top