96 Views

ओंटारियो में तीन पुलिसकर्मियों को मारी गोली, एक की मौत

टोरंटो,१२ मई। तीन ओंटारियो प्रांतीय पुलिस (ओपीपी) अधिकारियों को गुरुवार तड़के बौर्गेट, ओंटारियो में गोली मार दी गई। अधिकारियों ने कहा कि तीनों में से एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई और अन्य दो घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारी की मौत पर प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो तथा ओंटारियो के प्रीमियर डग फोर्ड ने दुख जताया है।
पूर्वी ओंटारियो में गुरुवार की सुबह एक दुखद घटना घटी जब एक व्यक्ति ने तीन ओंटारियो प्रांतीय पुलिस अधिकारियों को गोली मार दी, जिसमें एक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। गोलीबारी का शिकार हुए तीनों पुलिस अधिकारी ओटावा से ५० किलोमीटर पूर्व में बौर्गेट के एक घर में देर रात करीब २ बजे गड़बड़ी की कॉल का जवाब देने पहुंचे थे। मौके पर पहुंचने के बाद अचानक आरोपी व्यक्ति ने गोलियां चलाईं जिसमें ओपीपी के एक ४२ वर्षीय सार्जेंट एरिक मुलर, ड्यूटी के दौरान मारे गए। एरिक मुलर २१ वर्षों से ओपीपी में सेवारत थे। उन्हें २०१८ में सार्जेंट के रूप में पदोन्नत किया गया था।
गोलीबारी में घायल हुए एक अन्य अधिकारी को अस्पताल में उपचार के पश्चात घर भेज दिया गया है। वहीं दूसरे घायल अधिकारी अभी भी अस्पताल में गंभीर लेकिन स्थिर स्थिति में है।
अधिकारियों को गोली मारने वाले व्यक्ति को अन्य अधिकारियों द्वारा हिरासत में ले लिया गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है। घटनास्थल पर एक लंबी बंदूक मिली है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि शूटिंग में किस प्रकार की बंदूक का इस्तेमाल किया गया था। घटना के समय घर के अंदर कोई अन्य नागरिक नहीं था और कोई अन्य भी घायल नहीं हुआ।
ओंटारियो प्रीमियर डग फोर्ड ने शूटिंग की खबर को “विनाशकारी” कहा, और प्रधान मंत्री जस्टिन ट्रूडो ने सार्जेंट के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
आपको बता दें कि पिछले कुछ महीनों में चार अन्य अधिकारी भी काम के दौरान मारे गए हैं। यह घटना ओंटारियो में उस खतरे को उजागर करती है जिसका कानून प्रवर्तन अधिकारी अपने समुदायों की सेवा करते हुए हर दिन सामना करते हैं।

Scroll to Top