37 Views

विपक्ष भले हारा हो पर वोट मिले ज़्यादा!

हरिशंकर व्यास

भारत के लोकतंत्र का अभूतपूर्व तथ्य है जो १९५२ से अभी तक के लोकसभा चुनावों में कभी भी, किसी भी सत्तारूढ़ पार्टी को ५० प्रतिशत पार वोट नहीं मिले। पचास प्रतिशत करीब के ४८ प्रतिशत वोट का रिकॉर्ड केवल राजीव गांधी के १९८४ के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का है। तब कांग्रेस को ४८ प्रतिशत वोट और ४१५ सीटें मिली थी। इंदिरा गांधी की हत्या पर जन सहानुभूति में ६४ प्रतिशत मतदान था। और कांग्रेस को ४८ प्रतिशत वोटों वाला जनादेश। जबकि मालूम है नरेंद्र मोदी के २०१४ तथा २०१९ के चुनाव में भाजपा को कुल कितना वोट मिला? सन् २०१४ में ३१ प्रतिशत वोट व २८२ सीटें वहीं २०१९ में ३७.७ प्रतिशत वोट और ३०३ सीटे। कांग्रेस की सरकारों के १९५२, १९५७, १९६२, १९६७, १९७१, १९८०, १९८४ के जनादेश से निर्मित नेहरू, इंदिरा, राजीव का प्रधानमंत्री पद हमेशा ४१ से ४८ प्रतिशत वोटों पर था। इमरजेंसी के बाद १९७७ के चुनाव में कांग्रेस हारी थी। तब वह ३५ प्रतिशत वोट और १५४ सीटों पर सिमटी थी। नरसिंह राव, डॉ. मनमोहन सिंह की अल्पमत सरकारें जरूर कांग्रेस के 36 और २७-२९ प्रतिशत वोट आधार की थीं।
उस नाते २०१४ में अच्छे दिनों की हवा के ३१ प्रतिशत और २०१९ की पुलवामा व छप्पन इंची छाती की आंधी में कुल ३७.७ प्रतिशत वोटों का नरेंद्र मोदी का जनादेश भारत के चुनावी इतिहास का एक सामान्य-मामूली आंकड़ा है। तभी लाख टके का सवाल है कि ४०० सीटों के हल्ले में भी क्या भाजपा चालीस प्रतिशत वोट पाने का सामान्य आंकड़ा भी पा सकेगी? नेहरू के कार्यकाल के औसत ४६ प्रतिशत, इंदिरा गांधी के ४२.३ और राजीव गांधी के ४८ प्रतिशत वोटों के जनादेश का रिकॉर्ड क्या नरेंद्र मोदी २०२४ में तोड़ रहे हैं?
नामुमकिन है। भाजपा विपक्ष की फूट से सीटें भले अच्छी पा ले लेकिन भारत के कुल मतदाताओं में नरेंद्र मोदी के लिए ठप्पा लगाने वाले ४० प्रतिशत लोग भी शायद ही हों। मोदी के विरोधियों के ६० प्रतिशत वोट होंगे ही होंगे।
मैं सीट संख्या के मामले में भाजपा की एक्सट्रीम हवा का हिसाब लगाए हुए हूं। मतलब यह कि रामजी की जब हवा है तो यूपी, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, छतीसगढ़, हिमाचल, उत्तराखंड, दिल्ली, जम्मू क्षेत्र, गोवा, दादर-दमन की २०४ सीटों में हर सीट भाजपा की झोली में। बावजूद इससे ४०० पार सीटों का आधार नहीं बनता। दूसरी कैटेगरी में मुकाबले वाले महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, कर्नाटक, ओडिशा, असम की २०७ सीटों का ब्लॉक है। इसमें क्या भाजपा २०१९ जितनी यानी ११३ सीटें वापिस जीत सकेगी? कतई नहीं। विपक्ष के गढ़ के नाते फिलहाल तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और पंजाब की ११५ सीटों में भाजपा की दाल नहीं गलनी है। उत्तर-पूर्व, लक्षद्वीप, अंडमान जैसे छोटे-छोटे राज्यों की बाकी १९ सीटों का ब्लॉक मोटा मोटी लुढ़कता लोटा है। जाहिर है इस बार ४०० पार की भाजपा हवाबाजी सिरे नहीं चढ़ेगी।
सवाल है इस चुनावी तस्वीर में ४०० सीटें आसान हैं या २७३ सीटों के लिए भी मुकाबला है? नोट रखें ४०० सीटों के हल्ले के पीछे और मोदी-शाह की सारी जोड़-तोड़ के पीछे का मकसद जैसे-तैसे २७३ से पार और ३०० सीटों का आंकड़ा पा कर लाज बचाने का है। नरेंद्र मोदी जानते हैं कि दस साल की एंटी इन्कमबैंसी जीतना कितना मुश्किल होता है और मंदिर की हवा, हिंदू-मुस्लिम, तमाम तरह की जुमलेबाजी, नौटंकियों-झांकियों के बावजूद यूपी में न अस्सी की अस्सी सीटे जीती जा सकती है और न महाराष्ट्र में यूपी जैसी भगवा हवा बन सकती है। और यह भी नोट रखें कि नरेंद्र मोदी से चुनाव में विपक्ष लड़ता हुआ नहीं होगा, बल्कि जनता वोट देते हुए होगी क्योंकि भारत के लोकतंत्र की खूबी है जो ५२ से ६१ प्रतिशत वोट हमेशा सत्ता के खिलाफ वोट देता आया है और यह अलग बात है कि वह हमेशा विपक्ष की फूट से बिखरा रहा है!

Scroll to Top