हरिद्वार,०३ अगस्त। अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण अभी चल रहा है। करोड़ों लोगों को श्री राम मंदिर के उद्घाटन की प्रतीक्षा है। समाचार है कि रामलला के मंदिर के उद्घाटन के लिए शुभ मुहूर्त निकाल लिया गया है। इस दिन रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह किया जाएगा। ऐसे में मंदिर के उद्घाटन के लिए तीन तारीखें निकाली गई है। इस दिन देशभर के प्रमुख २५,००० संतो-महंतों को बुलाने की योजना भी रखी गई है जिसमें बनवासी संत, बाल्मीकि, रविदास जी, कबीरपंथी, नानक पंथी, स्वामी नारायण, नाथ परंपरा और वैष्णव सन्यासी सहित भारतीय परंपराओं के संतो को शामिल किया जाएगा।
इसी कड़ी में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के अंतरराष्ट्रीय कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद गिरी कहते हैं कि ,जनवरी २०२४ के तीसरे सप्ताह में राम मंदिर का उद्घाटन अवश्य हो जाएगा। ज्योतिषीय गणना के अनुसार २१ से २३ जनवरी के बीच राम मंदिर उद्घाटन की तिथि का चयन होगा। साथ ही ये तिथियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजी गई है। प्रधानमंत्री उद्घाटन की तारीखों का चयन करेंगे ताकि राम मंदिर उद्घाटन के समय प्रधानमंत्री की उपस्थिति सुनिश्चित हो सके। इसी के साथ उन्होंने आगे कहा कि, उद्घाटन के दिन के लिए निश्चित हुआ है कि मुख्य कार्यक्रम में केवल साधु, संत, महात्मा आदि उपस्थित रहेंगे। मुख्य कार्यक्रम संक्षिप्त होगा। मंदिर में प्रतिष्ठा के बाद राष्ट्रीय और विश्व के लिए औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साधु-संतों के दर्शन होने के बाद सभी लोगों के लिए मंदिर को खोल दिया जाएगा। स्वामी गोविंद गिरी के अनुसार राम मंदिर उद्घाटन के समय देश में अयोध्या का माहौल बने इसके लिए प्रतिष्ठा से ७ दिन पहले पूरे देश से आहान किया जाएगा कि लोग राम लीला, राम कथा के साथ अनेक प्रकार के उत्सव का आयोजन करें।



