112 Views

मॉस्को के कॉन्सर्ट हॉल में आतंकी हमला, ६० लोगों की मौत, सैकड़ों घायल

मॉस्को। रूस की राजधानी मॉस्को के एक कॉन्सर्ट हॉल में आतंकियों द्वारा की गई अंधाधुंध गोलीबारी की घटना में ६० से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और १०० से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट-खोरासान ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
ये हमला मॉस्को के उत्तर पश्चिमी शहर क्रास्नोगोर्स्क में मौजूद क्रॉकस सिटी हॉल रीटेल एंड कॉन्सर्ट कॉम्प्लेक्स में हुआ। यहां पिकनिक नाम के एक रूसी रॉक ग्रुप के कार्यक्रम का आयोजन होना था। कॉन्सर्ट शुरू होने से ठीक पहले कैमोफ्लॉज कपड़े पहने चार बंदूकधारियों ने यहां आए लोगों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
हमले के दौरान हॉल में छह हज़ार से अधिक लोग मौजूद थे। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि रॉक ग्रुप स्टेज पर आने ही वाला था कि उससे पहले ये हमला हो गया।
इस दौरान इमारत में आग लग गई और इसकी छत का एक हिस्सा भी गिर गया।
मॉस्को के क्राकस सिटी कंसर्ट हॉल में हुई गोलीबारी की भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कड़ी निंदा की। अपने सोशल मीडिया ‘एक्स’ (पू्र्व में ट्विटर) पर पीएम मोदी ने लिखा ‘हम मॉस्को में हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। दुख की इस घड़ी में भारत रूसी संघ की सरकार और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।’
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाल ही में अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने चेतावनी जारी की थी कि आईएस के आतंकवादी रूस पर हमले की साजिश रच रहे हैं।
आतंकी संगठन आईएसआईएस ने हमले की जिम्मेदारी ली और दावा किया कि उसके लड़ाकों ने ईसाइयों की भारी भीड़ पर हमला किया था। हालांकि, आईएसआईएस की ओर से इस दावे के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया गया।

Scroll to Top