130 Views

अमेरिका मेक्सिको सीमा पर तनाव, जबरन घुसने की कोशिश

वाशिंगटन, मार्च। अमेरिका और मैक्सिको की सीमा पर एक बार फिर प्रवासियों को लेकर तनाव का माहौल पैदा हो गया है। सोमवार को बड़ी तादाद में इन प्रवासियों ने सीमा पर लगे कांटेदार तारों को हटाकर अमेरिका में घुसने की कोशिश की। इस पर अमेरिकी सुरक्षाबलों और पुलिस ने ज्यादातर को वापस मैक्सिको के क्षेत्र में खदेड़ दिया। इसके बाद से सीमा क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- अमेरिका में घुसने की कोशिश कर रहे ज्यादातर लोग उसे ऐप सर्विस से नाराज हैं, जो बाइडेन प्रशासन ने प्रवासियों के लिए शुरू की है। इनकी शिकायत है कि इस सेवा की प्रक्रिया बेहद लंबी और थका देने वाली है।
सोमवार को जिन लोगों ने मैक्सिको सीमा से अमेरिका में जबरन घुसने की कोशिश की, उनमें ज्यादातर दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला के नागरिक हैं। ये लोग अमेरिका में शरण की मांग कर रहे हैं। इन लोगों ने कांटेदार तार और बैरियर्स हटा दिए। पुलिस ने इन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान कुछ लोग घायल भी हो गए। अमेरिका में घुसने की कोशिश कर रहे लोगों के साथ काफी कम उम्र के बच्चे भी नजर आए।
इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस और सुरक्षाबलों पर हमला भी किया। बाद में पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए इन्हें खदेड़ दिया। इस दौरान कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है। होम लैंड डिपार्टमेंट इस मामले की जांच कर रहा है।

Scroll to Top