पोर्ट ऑफ स्पेन ,२६ जुलाई। भारत और वेस्टइंडीज के बीच क्वींस पार्क ओवल में खेला गया दूसरा टेस्ट मैच भारी बारिश के चलते ड्रा घोषित कर दिया गया। इसके साथ ही भारत ने दो मैचों की सीरीज १-० से जीत ली है। भारत के लिए यह निराशाजनक अंत था, क्योंकि पूरे मैच के दौरान उसका पलड़ा भारी रहा। भारत ने अपनी दो पारियों में ४३८ और १८१/२ रन बनाए थे। चौथे दिन स्टंप्स तक वेस्टइंडीज को ७६/२ पर समेट दिया था, जिसे ३६५ रनों के एक विशाल लक्ष्य का पीछा करना था। अपनी पहली पारी में २५५ रन बनाने वाली मेजबान टीम को मैच जीतने के लिए २९० रनों की और जरूरत थी।
पांचवें और अंतिम दिन, भारत का लक्ष्य शेष आठ विकेट चटकाने का था ताकि १२ अंक और हासिल किए जा सकें और २०२३-२५ विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में अपनी शानदार शुरुआत को और आगे बढ़ाया जा सके। लेकिन बारिश ने सारा खेल बिगाड़ दिया और मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ। टेस्ट के ड्रॉ होने से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप २०२३-२५ चक्र में टीम इंडिया को झटका लगा है। मौजूदा अंक तालिका में पाकिस्तान भारत को पीछे छोड़ शीर्ष पर पहुंच गया है।
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के २०२१-२३ चक्र का फाइनल हारने के बाद भारतीय टीम ने २०२३-२५ चक्र की शुरुआत वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज से की। डब्ल्यूटीसी में एक टेस्ट जीतने वाली टीम को १२ अंक दिए जाते हैं। वहीं, मैच टाई होने पर छह और ड्रॉ होने पर चार अंक दिए जाते हैं। भारत ने पहला टेस्ट जीता और उसे १२ अंक मिले थे।
टीम इंडिया अगर दूसरा टेस्ट जीत जाती तो उसे और १२ अंक मिलते और कुल २४ अंक और १०० पॉइंट पर्सेंटेज के साथ शीर्ष पर काबिज रहती। हालांकि, भारत को वेस्टइंडीज से चार-चार अंक बांटने पड़े। ऐसे में दो टेस्ट के बाद टीम इंडिया के एक जीत और एक हार के साथ १६ अंक हैं, जबकि पॉइंट पर्सेंटेज घटकर ६६.६७ हो गया है।



