121 Views

अमेरिका में वेस्टइंडीज पर भारी पड़ी है टीम इंडिया , आज खेला जाएगा सीरीज का चौथा मैच

मियामी,१२ अगस्त । वेस्टइंडीज के विरुद्ध पांच मैचों की टी-२० सीरीज के अंतिम दो मैच अब अमेरिका के फ्लोरिडा में खेले जाएंगे। शुरुआती दो मुकाबले गंवाने के बाद तीसरा टी-२० मैच जीतकर भारत ने सीरीज में वापसी की थी और अब उसे वेस्टइंडीज के विरुद्ध लगातार छठी सीरीज जीतने के लिए अगले दोनों मैच जीतने होंगे।
अगर बात करें भारतीय टीम के अमेरिका में प्रदर्शन की तो वेस्टइंडीज के विरुद्ध उसका पलड़ा भारी रहा है। २०१६ से भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली गई तीन सीरीज के छह मैचों का आयोजन फ्लोरिडा के लाडरहिल में किया गया। इनमें से भारत ने चार मैच जीते, जबकि एक में हार मिली। एक मैच बेनतीजा रहा।
लाडरहिल अमेरिका का पहला आइसीसी से मान्यता प्राप्त स्टेडियम है। २०१९ दौरे पर भारत ने यहां दो और २०२२ में भी दो मैच खेले थे और चारों में जीत दर्ज की थी। ऐसे में पिछले प्रदर्शन को देखें तो भारत यहां सीरीज जीतने का दावेदार है, लेकिन उसके लिए हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना महत्वपूर्ण होगा।
सीरीज में आरंभिक जोड़ी का न चलना भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय है। अब तक खेले गए तीनों मैचों में आरंभिक जोड़ी टीम को ठोस शुरुआत नहीं दिला सकी है। शुरुआती दो मैचों में शुभमन गिल और इशान ने पहले विकेट के लिए पांच और १८ रन की ही साझेदारी की थी। इसके बाद टीम प्रबंधन ने तीसरे मैच में इशान की जगह यशस्वी जायसवाल को गिल के साथ भेजा, लेकिन ये जोड़ी भी प्रभावित नहीं कर सकी और सिर्फ छह रन ही बना सकी। ऐसे में अगर भारतीय टीम को सीरीज अपने नाम करनी है तो आरंभिक जोड़ी को रन बनाने होंगे।
टीम इंडिया मियामी पहुंच गई। यहां के लाडरहिल में शनिवार को सीरीज का चौथा टी-२० मैच खेला जाएगा। बीसीसीआई ने टीम इंडिया का वीडियो साझा किया, जिसमें भारतीय खिलाड़ी फ्लाइट में नजर आ रहे हैं और इसके बाद वे एयरपोर्ट पर उतरते हैं। इस दौरान सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, शुभमन गिल और युजवेंद्रा सिंह चहल दिलचस्प अंदाज में नजर आए। गिल कुछ खाते नजर आए। उनके साथ गेंदबाज आवेश खान, कुलदीप यादव, संजू सैमसन और अर्शदीप सिंह भी दिखे।

Scroll to Top