166 Views

सूडानी युद्धरत गुट ७२ घंटे के नए संघर्ष विराम के लिए सहमत

रियाद, १९ जून। सऊदी अरब और अमेरिका ने एक संयुक्त बयान में घोषणा की है कि सूडान के दो युद्धरत गुट ७२ घंटे के नए संघर्ष विराम पर सहमत हो गए हैं। संघर्ष विराम रविवार को स्थानीय समयानुसार सुबह छह बजे से प्रभावी हो गया है। बयान में कहा गया है कि दोनों प्रतिद्वंद्वी दलों ने संघर्ष विराम के दौरान सैन्य लाभ लेने और आपसी हमले शुरू करने से परहेज करने पर सहमति व्यक्त की।
बयान में कहा गया है कि वे पूरे देश में निर्बाध आवाजाही और मानवीय सहायता पहुंचाने की अनुमति देने पर भी सहमत हुए।
सऊदी अरब और अमेरिका ने कहा कि वे जेद्दा वार्ता को स्थगित कर सकते हैं, यदि दो युद्धरत गुट संघर्ष विराम का पालन करने में विफल रहते हैं।
१५ अप्रैल को राजधानी खार्तूम और अन्य क्षेत्रों में सूडानी सशस्त्र बलों और अर्धसैनिक त्वरित सहायता बलों के बीच घातक संघर्ष छिड़ गया था।
सूडानी डॉक्टर्स यूनियन के अनुसार सशस्त्र संघर्ष मे अब तक ९५८ सूडानी नागरिक मारे गए और ४,७४६ अन्य घायल हुए हैं।

Scroll to Top