162 Views
Sonakshi's Roar becomes first Indian web series to enter Berlin Film Festival

सोनाक्षी की दहाड़ बर्लिन फिल्म फेस्टिवल में जाने वाली पहली भारतीय वेब सीरीज बनी

मुंबई,१९ जनवरी। सोनाक्षी सिन्हा फिल्मों में काम करने के बाद अब वेब पर भी अपनी शुरुआत कर रही हैं। उनकी पहली वेब सीरीज है दहाड़, जिसे लेकर पिछले कुछ समय से सोनाक्षी सुर्खियों में हैं। इससे जुड़ीं यूं तो कई जानकारियां सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब एक बड़ी खबर सामने आई है, जिससे बेशक सोनाक्षी के साथ उनके प्रशंसकों का सीना भी गर्व से चौड़ा हो जाएगा। दरअसल, दहाड़ का प्रीमियर प्रतिष्ठित बर्लिन फिल्म फेस्टिवल में होने जा रहा है।
सोनाक्षी अमेजन प्राइम वीडियो की सीरीज दहाड़ से ओटीटी पर अपना करियर शुरू कर रही हैं, जो इसी साल स्ट्रीम होगी, लेकिन उससे पहले इसे बर्लिन अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में दिखाया जाएगा। सोनाक्षी ने इंस्टाग्राम पर इसका पोस्टर साझा कर लिखा, बर्लिन फिल्म फेस्टिवल में गूंजेगी दहाड़ और इसी के साथ यह इस प्रतिष्ठित समारोह में जाने वाली पहली भारतीय वेब सीरीज बन गई है। इसका हिस्सा बन गर्व है। दुनिया को अपनी दहाड़ सुनाने का इंतजार नहीं कर सकती।
इस सीरीज की निर्माता जोया अख्तर ने भी सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी है। इसके बाद इंडस्ट्री से जुड़े जोया के दोस्तों से लेकर प्रशंसकों तक ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। श्वेता बच्चन ने लिखा, शानदार और बधाई। निर्देशक होमी अदजानिया ने एक ताली वाला इमोजी शेयर किया, वहीं सिकंदर खेर ने स्टार शेयर कर सीरीज की टीम को बधाई दी। हुमा कुरैशी और निर्देशक गुनीत मोंगा ने भी इसे लेकर खुशी जाहिर की है।
बर्लिन फिल्म फेस्टिवल बर्लिन में हर साल आयोजित होने वाला एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह है, जिसकी शुरुआत १९५१ में हुई थी। गली बॉय से लेकर गंगूबाई काठियावाड़ी तक कई भारतीय फिल्मों को इस समारोह में दिखाया जा चुका है।
दहाड़ का निर्देशन रीमा कागती और रुचिका ओबेरॉय ने किया है। इस क्राइम ड्रामा सीरीज की कहानी राजस्थान के एक छोटे से शहर में दिखाई गई है। सोनाक्षी इसमें स्थानीय पुलिस सब इंस्पेक्टर अंजलि भाटी के रोल में हैं। एक सार्वजनिक शौचालय में कई महिलाएं रहस्मय तरीके से मृत मिलती हैं, जिसके केस की जांच अंजलि करती है। इसके बाद पुलिस और किलर के बीच चूहे-बिल्ली का खेल शुरू होता है। सीरीज में विजय वर्मा और गुलशन देवैया भी हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top