पणजी ,२४ अक्टूबर । राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई), गोवा ने एक तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया और तीन लोगों को ५.७ किलोग्राम सोना और १५ आईफोन १५ प्रो मैक्स के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए सोने और आईफोन की कीमत ४ करोड़ रुपए बताई जा रही है।
डीआरआई ने कहा कि अबू धाबी से सोने के पेस्ट के साथ यात्रा करने वाले आरोपी मुंबई और दुबई के बीच संचालित सोने की तस्करी सिंडिकेट का हिस्सा हैं। उन्होंने १२ अक्टूबर को मुंबई से अबू धाबी की यात्रा की। डीआरआई सूत्रों ने कहा कि खुफिया जानकारी के आधार पर, डीआरआई गोवा के अधिकारियों ने अबू धाबी से मनोहर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे, मोपा तक इंडिगो की उड़ान ६ई-१५०६ से आए तीन यात्रियों को रोका।
तलाशी के दौरान, डीआरआई अधिकारियों को तीन पुरुष यात्रियों के पास से ७ किलोग्राम सोने का पेस्ट (५.७ किलोग्राम की अनुमानित मात्रा) और १५ आईफोन मिले। डीआरआई के एक सूत्र ने कहा, आईफोन्ज को चेक-इन बैगेज में रखे गए पैकेट में लपेटा गया था। सोने के पेस्ट को एक यात्री के कमरबंद में छुपाया गया था और दो यात्रियों के कपड़ों की आंतरिक परतों में सिल दिया गया था।
तीन यात्रियों की पहान इरफान निवासी यूपी, कामरान अहमद गयासुद्दीन खान निवासी मुंबई और मोहम्मद इरफान गुलाम नबी बाला पटेल निवासी गुजरात के रूप में हुई है। तीनों की गिरफ्तारी सीमा शुल्क अधिनियम, १९६२ के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत हुई है और आगे की जांच जारी है।



