सुवा,१७ फरवरी। द्वीपीय देश फिजी की राजधानी सुवा में आयोजित विश्व हिंदी सम्मेलन के समापन समारोह में “भारत माता की जय” के नारे गूंजते दिखे। सम्मेलन में भारत के प्रधानमंत्री पीएम मोदी की भी खूब प्रशंसा हुई। इस अवसर पर फिजी के उप प्रधानमंत्री बिमन प्रसाद ने कहा कि भारत अर्थव्यवस्था और राजनीति के मामले में विश्व में सबसे ऊपर जा रहा है। जैसे ही बिमन प्रसाद ने भारत की प्रशंसा की, सम्मेलन में भारत माता की जय के नारे गूंज उठे।
आयोजन स्थल पर गूंजते भारत माता की जय के नारों के बीच श्री प्रसाद ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर के नेतृत्व में भारत सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, ‘पिछले कुछ १०-१५ वर्षों में हिंदी के प्रचार-प्रसार और हिंदी को पढ़ाने के तरीके को कम और कमजोर किया गया है, लेकिन हमारी सरकार ने हिंदी को मजबूत करने के लिए कदम उठाए हैं।’ आपको बता दें कि फिजी में हिंदी को आधिकारिक भाषा का दर्जा हासिल है।
इससे पहले अपने एक महत्वपूर्ण बयान में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि पश्चिमीकरण को ही प्रगति का मानक मानने वाला युग पीछे छूट गया है। अब कई ऐसी भाषाएं-परंपराएं वैश्विक मंच पर उभर रही हैं, जो औपनिवेशिक युग के दौरान दबा दी गई थीं। उन्होंने जोर दिया कि वैश्वीकरण का मतलब एकरूपता से नहीं, बल्कि हमारी दुनिया की विविधता को समझने और स्वीकार करने से है। यही एक लोकतांत्रिक विश्व व्यवस्था का वास्तविक अर्थ भी है।
फिजी सरकार और भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में दुनियाभर से हिंदी के करीब १,२०० विद्वानों व लेखकों ने भाग लिया। तीन दिन चले इस सम्मेलन के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने फिजी के प्रधानमंत्री से मुलाकात की। भारत और फिजी के बीच वीजा में छूट के समझौते पर भी हस्ताक्षर हुए। इसके तहत दोनों देशों के उन नागरिकों को वीजा लेने में छूट दी जाएगी, जिनके पास डिप्लोमैटिक और काम संबंधी पासपोर्ट है। इससे फिजी जाने वाले भारतीयों की तादाद में इजाफा हो सकता है।



