138 Views
Shane-Bond

राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़े शेन बॉन्ड, निभाएंगे दोहरी भूमिका

जयपुर, २५ अक्टूबर।

राजस्थान रॉयल्स ने घोषणा की है कि न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज शेन बॉन्ड आईपीएल २०२४ सीजन से पहले सहायक कोच और टीम के नए तेज गेंदबाजी कोच की दोहरी भूमिका में फ्रेंचाइजी में शामिल हो गए हैं।

आधुनिक समय के सबसे बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक शेन बॉन्ड ने अतीत में २०१२ से २०१५ के बीच अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए बॉलिंग कोच के रूप में काम किया था, जहां उन्होंने न्यूजीलैंड को २०१५ आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में पहुंचने में मदद की थी।

इसके बाद उन्हें २०१५ में आईपीएल में मुंबई फ्रेंचाइजी द्वारा नियुक्त किया गया, जिसने नौ सीजऩ में चार खिताब जीतने में उनकी सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके मार्गदर्शन में कई तेज गेंदबाज, जिनमें जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बाउल्ट जैसे प्रसिद्ध नाम शामिल थे, जो अब टी२० विशेषज्ञों में बदल गए।

न्यूजीलैंड के दिग्गज खिलाड़ी का फ्रेंचाइजी में स्वागत करते हुए राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेट निदेशक कुमार संगकारा ने कहा, शेन आधुनिक क्रिकेट के महानतम तेज गेंदबाजों में से एक हैं और अपने साथ अनुभव और ज्ञान का खजाना लेकर आए हैं, जिन्होंने कुछ सर्वश्रेष्ठ खिलाडिय़ों को मार्गदर्शन दिया है। उन्होंने आईपीएल और भारत में कई वर्षों तक काम किया है। वह ऐसे व्यक्ति हैं जिनकी सर्वश्रेष्ठ को और भी बेहतर बनाने में मदद करने की गहरी नजर है और हमें उनका स्वागत करते हुए खुशी हो रही है।

इस बीच, शेन बॉन्ड ने रॉयल्स के साथ अनुबंध करने के बाद अपना विचार व्यक्त किया।

शेन बॉन्ड ने कहा, मुझे रॉयल्स में शामिल होने पर खुशी हो रही है। यह एक दूरदर्शी फ्रेंचाइजी है जो अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध है और मैं उनके दृष्टिकोण का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित हूं। गेंदबाजी समूह युवाओं और अनुभव का एक शानदार मिश्रण है और उनके साथ काम करना अद्भुत है।

Scroll to Top