162 Views

ब्रैम्पटन के खालसा कम्युनिटी स्कूल में शबद कीर्तन द्वारा साहिबजादों के बलिदान को किया याद

ब्रैम्पटन,२९ दिसंबर। ब्रैम्पटन के खालसा कम्युनिटी स्कूल में चार साहिबजादों को समर्पित शहीदी दिहाड़ा मनाया गया। इस दौरान समूह स्टाफ द्वारा जपुजी साहिब का पाठ किया गया। इसके बाद छात्रों के द्वारा शबद कीर्तन किया गया।

चारों साहिबजादों, माता गुजरी और गुरु साहिब जी के धर्म और मनुष्यता की रक्षा के लिए किए गए सर्वस्व बलिदान को नमन करते हुए बच्चों द्वारा किए गए हृदयस्पर्शी व करुणामयी शबद कीर्तन से सबकी आंखें नम हो गई। इसके बाद कड़ाह प्रशाद वितरित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रिपसोदक गरेवाल जी ने बच्चों को चारों साहिबजादों की दिलेरी व हौंसले के जज्बे को अपनाने व धर्म और इंसानियत की रक्षा को तत्पर रहने की सीख दी।


हरबैंस सिंह जी ने बच्चों को गुरु गोबिंद सिंह जी के दिखाए रास्ते पर चलकर जीवन सफल बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि दशमेश पिता गुरु गोबिन्द सिंह के छोटे साहिबज़ादों और माता गुजरी की अतुल्य शहादत का उदाहरण दुनिया में कहीं नहीं मिलता है। हम अनंत काल तक उनके ऋणी रहेंगे क्योंकि उन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान देकर धर्म की रक्षा की।


विद्यालय के अध्यापकों एवं प्रबंध समिति ने उपस्थित बच्चों और अतिथियों से सिख गुरुओं की शिक्षाओं का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों के बलिदान से प्रेरणा लेने और समाज के कल्याण की दिशा में काम करने का आह्वान किया।
रेडियो गुलदस्ता की प्रस्तोता (होस्ट) सुश्री ग्लोरिया बुद्धिराजा ने पूरे सप्ताह गुरु गोविंद सिंह जी एवं उनके परिवार द्वारा दी गई शहादत पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए।
उन्होंने कहा कि आज का दिन गुरु गोविंद सिंह जी के दोनों साहिबजादों की शहादत का दिन है, जिन्होंने मुगलों के दबाव और यातनाओं बावजूद भी हार नहीं मानी और मात्र छह और नौ वर्ष की आयु में शहादत को स्वीकार किया जिसके लिए उन्हें दीवार में चुनवा दिया गया । उन्होंने कहा कि सिख समाज का इतिहास ऐसी ही कुर्बानियों से गौरवशाली बना हुआ है।

Scroll to Top