145 Views

रोहित शर्मा ने विश्व कप में सातवां शतक लगाकर तोड़ा तेंदुलकर का रिकॉर्ड

नई दिल्ली,१३ अक्टूबर। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ विश्व कप मैच में १३१ रन की अपनी आतिशी पारी से सचिन तेंदुलकर का विश्व रिकॉर्ड ध्वस्त कर डाला।
हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित का यह विश्व कप में सातवां शतक था। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के छह शतकों के रिकॉर्ड को तोड़ा। रोहित के इन सात शतकों में से चार शतक लक्ष्य का पीछा करने के दौरान आए हैं, जो कि एक विश्व रिकॉर्ड है।
रोहित ने अपनी शतकीय पारी के दौरान पांच गगनचुम्बी छक्के लगाए जिससे उनके अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में ५५६ छक्के हो गए हैं,यह भी विश्व रिकॉर्ड है। उन्होंने वेस्ट इंडीज के क्रिस गेल के ५५३ छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। इसमें से २९७ छक्के वनडे में आए हैं, जो फि़लहाल इस फ़ॉर्मैट में तीसरा सर्वाधिक है।
रोहित ने अपना शतक पूरा करने के लिए ६३ गेंदें लीं, जो विश्व कप में सबसे तेज़ भारतीय शतक है। उन्होंने वीरेंद्र सहवाग के रिकॉर्ड को तोड़ा, जिन्होंने बरमूडा के ख़िलाफ़ २००७ में ८१ गेंदों में शतक लगाया था।
भारतीय कप्तान के नाम वनडे में ३१ शतक हो गए हैं, जो विश्व में तीसरा सर्वाधिक है। उन्होंने पोंटिंग के ३० शतकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। उनसे आगे सिर्फ सचिन (४९) और विराट कोहली (४७) हैं। रोहित के ३१ में से २९ शतक सलामी बल्लेबाज़ के तौर पर आए हैं। सलामी बल्लेबाज़ के तौर पर उनसे अधिक शतक का रिकॉर्ड अब सचिन (४५) के नाम है। रोहित ने सनत जयसूर्या के २८ शतकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
३० साल के उम्र के बाद रोहित ने वनडे में २१ शतक लगा दिए हैं, जो श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान और सनत जयसूर्या के साथ संयुक्त रूप से सर्वाधिक है।

Scroll to Top