127 Views
Rohini murder case: Sahil had planned the murder, bought the knife from Haridwar

रोहिणी हत्याकांड : साहिल ने पूरी योजना बनाकर की थी हत्या, हरिद्वार से खरीदा था चाकू

नई दिल्ली,०१ जून। दिल्ली में १६ वर्षीय नाबालिग लड़की की हत्या का आरोपी साहिल पुलिस हिरासत में है। रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली पुलिस आरोपी की मनोस्थिति समझने के लिए उसका मनोविश्लेषण टेस्ट करवा सकती है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये टेस्ट करीब ३ घंटे तक चल सकता है और इससे पुलिस को हत्यारे की मानसिक स्थिति को समझने में मदद मिलेगी। इस टेस्ट के दौरान साहिल से उसके परिवार, दोस्तों और उनकी दिनचर्या के बारे में सवाल पूछे जाएंगे।
२८ मई की शाम को रोहिणी के शाहबाद डेयरी इलाके में साहिल ने १६ साल की साक्षी की सरेआम हत्या कर दी थी। उसे १६ बार चाकू मारा गया था और आरोपी ने ५ बार उसके सिर पर पत्थर से भी वार किया था। घटना के समय साक्षी अपने दोस्त के बेटे की जन्मदिन पार्टी में जा रही थी, तभी साहिल ने उसे अकेला पाकर उस पर हमला कर दिया। ये पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
दिल्ली पुलिस को दिये बयान में आरोपी साहिल ने बताया था कि साक्षी उससे ब्रेकअप करना चाहती थी और गुस्से में आकर उसने इस हत्या को अंजाम दिया। पुलिस को प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी ने इस हत्या की पूरी योजना बनाई थी और लगभग १५ दिन पहले उसने हरिद्वार से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू खरीदा था। इससे पता चलता है कि आरोपी ने आवेश में नहीं, बल्कि पूरी योजना से हत्या की है।
पुलिस के मुताबिक, साक्षी की हत्या करने के बाद साहिल तकरीबन आधे घंटे तक शाहबाद डेयरी इलाके में ही मौजूद था। वह कुछ देर तक एक पार्क में बैठा रहा और उसके पास वह चाकू भी था, जिसका उसने हत्या में इस्तेमाल किया था। इसके बाद साहिल रिठाला चला गया, जहां उसने चाकू छुपा दिया और फिर अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। हालांकि, पुलिस को अभी तक हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू नहीं मिला है।
पुलिस ने बताया कि साक्षी के परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हत्यारे साहिल की पहचान की। इस बीच साहिल अपनी बुआ के घर बुलंदशहर चला गया था। बुलंदशहर पहुंचने के लिए उसने २ बसें बदली थीं और उसकी बुआ ने फोन कर उसके पहुंचने की सूचना उसके पिता को दी थी। पुलिस को सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन पता चली, जिसके बाद बुलंदशहर के पहासू थाना क्षेत्र के अटेरना गांव से साहिल को गिरफ्तार कर लिया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी साहिल बार-बार अपने बयान बदल रहा है। पूछताछ में पता चला कि साहिल इस बात से परेशान था कि साक्षी की झबरू नाम के एक और लड़के से दोस्ती हो गई थी। घटना से एक दिन पहले साहिल साक्षी, उसकी सहेली भावना और झबरू से मिला था। इस बीच उनके बीच खूब लड़ाई भी हुई थी। इसके बाद झबरू ने साहिल को साक्षी के दूर रहने की धमकी भी दी थी।
इससे पहले पुलिस को दिये बयान में साहिल ने बताया था कि वह साक्षी के साथ जून, २०२१ से रिलेशनशिप में था। साहिल से पहले साक्षी प्रवीण नामक युवक के साथ रिलेशनशिप में थी। साक्षी ने हाथ पर प्रवीण के नाम का टैटू भी बनवाया था। इसके बाद वह साहिल के साथ रिलेशनशिप में आई थी। आरोपी ने बताया कि उसको साक्षी का प्रवीण से बात करना पसंद नहीं था और उसे हत्या करने का कोई पछतावा नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, साहिल के बयानों की जांच की जाएगी और सीसीटीवी कैमरे में अपराध स्थल से गुजर रहे ८ चश्मदीदों के बयान भी दर्ज किये जाएंगे। इसके अलावा अभी आरोपी का मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ है, जिससे कई जानकारियां मिल सकती हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के लिए साहिल की २ दिनों की रिमांड खत्म होने के बाद आज यानी गुरुवार को उसे मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Scroll to Top