213 Views

इंडी गठबंधन में दरार बढ़ी, यूपी में सपा और कांग्रेस के बीच पोस्टर वार

लखनऊ ,२७ अक्टूबर । उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में पोस्टर वार छिड़ गई है। पहले सपा ने अखिलेश को भावी प्रधानमंत्री का पोस्टर लगवाया था। अब कांग्रेस ने उसके जवाब में राहुल गांधी को २०२४ में देश का मुखिया और अजय राय को २०२७ में प्रदेश का नेतृत्व करने का पोस्टर लगाया है। कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगे इस पोस्टर में लिखा है — २०२४ में राहुल और २०२७ में राय’।
इस पोस्टर का सीधा संदेश है कि २०२४ में राहुल गांधी प्रधानमंत्री तो २०२७ में उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मुख्यमंत्री बनेंगे। मध्य प्रदेश में इंडिया गठबंधन के तहत सीट न मिलने से सपा नाराज़ है। सपा अकेले चुनाव लड़ रही है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में सीट शेयरिंग को लेकर भी दरार बढ़ती जा रही है। दोनों ही दलों के तरफ से जुबानी जंग जारी है। ऐसे में कांग्रेस दफ्तर के बाहर एक कार्यकर्ता ठाकुर नितांत सिंह नितिन द्वारा लगाए गए इस पोस्टर से सपा और कांग्रेस के विवाद को और हवा दे दी है।
लखनऊ में बीते दिनों समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर सपा प्रमुख अखिलेश यादव को ‘भावी प्रधानमंत्री’ बताते हुए एक होर्डिंग लगाया गया था। होर्डिंग लगाने वाले समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फख़रुल हसन ने कहा, समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता चाहते हैं कि अखिलेश यादव देश के पीएम बनें। भारत गठबंधन में हम चाहते हैं कि अखिलेश यादव ही प्रधानमंत्री का चेहरा बनें। कोई भी दावा कर सकता है, लेकिन असल में जो भाजपा को हरा सकती है वो समाजवादी पार्टी है।

Scroll to Top