पुणे,२० अक्टूबर। गुरुवार को खेले गए विश्व कप २०२३ के १७वें मैच में भारत ने बांग्लादेश को ७ विकेट से करारी मात दी। इसके साथ ही भारत ने चार मैचों में लगातार चार जीत दर्ज कर ली है।
बांग्लादेश ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए २५६ रन बनाए। २५७ रन के लक्ष्य को भारत ने ३ विकेट खोकर ४१.३ ओवर में हासिल कर लिया। विराट कोहली ने ९७ गेंद पर नाबाद १०३ रन की पारी खेली। विराट ने वनडे करियर का ४८वां शतक जड़ा। खास बात ये रही कि उन्होंने ८ साल के लंबे इंतजार के बाद वर्ल्ड कप में शतक जड़ा। विराट कोहली ने बांग्लादेश के खिलाफ ही २०११ में अपने वर्ल्ड कप डेब्यू में शतक जमाया था और फिर २०१५ में पाकिस्तान के खिलाफ भी सेंचुरी जड़ी थी। इसके बाद से उनके बल्ले से वर्ल्ड कप में एक भी शतक नहीं निकला था। वह अब सचिन के ४९ शतक से मात्र एक कदम दूर हैं। रोहित ने ४८ रन और शुभमन ने ५५ रन बनाए।
वहीं, जडेजा ने १० ओवर में ३८ रन देकर २ विकेट लिए थे। साथ ही एक लाजवाब कैच भी पकड़ा था। बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोटिल हो गए। हालांकि रोहित शर्मा ने यह भी कहा है कि घबराने वाली कोई बात नहीं है। टीम उनकी फिटनेस को ध्यान में रखते हुए आगे की योजना बनाएगी।



