मुंबई,१० जून। साल २०२२ रणवीर सिंह के लिए अच्छा नहीं गया था। उनकी फिल्म सर्कस का लोगों को काफी समय से इंतजार था, लेकिन जब फिल्म पर्दे पर आई तो दर्शक काफी निराश हुए। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई। इसके बाद काफी समय से रणवीर की नई फिल्म की घोषणा नहीं हुई है, ऐसे में उनके स्टारडम की चमक भी फीकी हो रही थी। अब आखिरकार रणवीर ने अपने लिए नई फिल्में चुन ली हैं।
रणवीर सिंह इन दिनों फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के लिए चर्चा में हैं। इस फिल्म में वह आलिया भट्ट के साथ नजर आएंगे। इसके अलावा फिलहाल उनकी किसी फिल्म की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, रणवीर ने अपनी आने वाली २ फिल्में साइन कर ली हैं, जिनकी शूटिंग वह २०२४ और २०२५ तक पूरी होगी। रिपोर्ट की मानें तो रणवीर डॉन ३ और बैजू बावरा का हिस्सा बन गए हैं।
रणवीर ने संजय लीला भंसाली की फिल्म बैजू बावरा के लिए हां कर दी है। फिल्म के लिए रणवीर का नाम लगभग तय माना जा रहा था, लेकिन पैसों को लेकर बात नहीं बन रही थी। रणवीर इससे पहले गोलियों की रासलीला: रामलीला, बाजीराव मस्तानी और पद्मावत में भंसाली के साथ काम कर चुके हैं। इस फिल्म में अभिनेत्री के लिए आलिया का नाम पहले ही तय हो चुका है।
कुछ दिन पहले ही खबर आई थी कि डॉन ३ में शाहरुख खान मुख्य भूमिका में नजर नहीं आएंगे। नई जानकारी के अनुसार, इस फिल्म में मुख्य भूमिका के लिए रणवीर का नाम तय हो गया है। जल्द ही निर्माता एक वीडियो के जरिए इसकी घोषणा करेंगे। कुछ दिन पहले खबर आई थी कि रणवीर ने इस वीडियो की शूटिंग कर ली है। फरहान अख्तर अपनी फिल्म जी ले जरा के बाद डॉन ३ पर काम शुरू करेंगे।



