मुंबई,१५ दिसंबर। दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री से लेकर हिन्दी इंडस्ट्री तक अपनी बेहतरीन एक्टिंग के दम पर लोगों के दिल पर राज करने वाले अभिनेता रजनीकांत १२ दिसंबर को ७३ साल के हो गए हैं। इस खास मौके पर रजनीकांत के तमाम चाहने वालों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। रजनीकांत को सोशल मीडिया के जरिए आम से लेकर खास लोगों का काफी प्यार मिला है। वहीं, रजनीकांत के फैंस के लिए खुशखबरी है। दरअसल, रजनीकांत के जन्मदिन पर उनकी अगली फिल्म थलाइवर १७० के टाइटल का अनाउंसमेंट कर दिया गया है। आइए जानते हैं कि रजनीकांत की इस फिल्म का नाम क्या है।
फिल्ममेकर्स ने सोशल मीडिया पर रजनीकांत की टीजर का लिंक पोस्ट किया है। इस पोस्ट के साथ कैप्शन दिया, इंतजार खत्म हुआ! पेश है थलाइवर १७० का टाइटल वेट्टैयन। स्पेशल डे पर थलाइवर के पॉवर, स्टाइल और स्वैग को दिखाना। रजनीकांत की फिल्म वेट्टैयन के टीजर को काफी पसंद किया जा रहा है। रजनीकांत हमेशा की तरह अपने अलग अंदाज में नजर आए और फैंस का दिल जीत गए। फिल्म वेट्टैयन में रजनीकांत के साथ अमिताभ बच्चन महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। इन दोनों स्टार्स ने पहले भी एक साथ काम किया है। फैंस एक बार फिर रजनीकांत और अमिताभ बच्चन को फिल्म में देखने के लिए उत्साहित हैं।
बताते चलें कि रजनीकांत ने अपने ट्विटर हैंडल पर कुछ दिनों पहले एक तस्वीर शेयर की थी। इस तस्वीर में रजनीकांत और अमिताभ बच्चन नजर आ रहे हैं। रजनीकांत ने इस फोटो के साथ कैप्शन लिखा था, ३३ साल बाद एक फिर अपने मेंटर अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म थलाइवर, १७० में काम कर रहा हूं। फिल्म को टीजे गनेवल डायरेक्ट कर रहे हैं।