नूंह ,०४ अगस्त । हरियाणा के नूंह में शोभायात्रा के दौरान भड़की सांप्रदायिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। हिंसा की आग गुरुग्राम से लेकर दिल्ली तक पहुंच चुकी है। इस मामले में हरियाणा पुलिस ने अभी तक १०० से अधिक लोगों को हिरासत में भी ले लिया है। इसी बीच नूंह हिंसा के तार पंजाब से जुड़ते हुए नजर आ रहे है।
पुलिस ने खुलासा करते हुए कहा कि पंजाब नंबर की एक गाड़ी दंगाइयों को लीड कर रही थी। पीबी ३१ डब्ल्यू ४८३१ नंबर की हुंडई वेन्यू कार से कुछ लोग दंगा कर रहे एक विशेष समुदाय के लड़कों को लीड कर रहे थे। जानकारी के अनुुसार यह कार पंजाब में मानसा जिले के फौजी निर्मल सिंह के नाम रजिस्टर्ड है। निर्मल सिंह के पिता सुखदेव सिंह का दावा है कि खरीदने के ३ महीने बाद ही एक मेजर एक्सीडेंट में कार स्क्रैप हो गई थी। परिवार ने इसे टोटल लॉस में वापस कार एजेंसी को देकर उसका क्लेम ले लिया था। इससे जुड़े सारे डॉक्यूमेंट उनके परिवार के पास मौजूद हैं। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि हरियाणा के नूंह में ३१ जुलाई को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद की ‘शोभा यात्रा’ के दौरान हिंसा भड़क उठी थी। इस सांप्रदायिक हिंसा में अब तक छह लोगों के मौत हो चुकी है। अंजुमन मस्जिद में आग लगा दी गई है और एक इमाम की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
नूंह जिले में अभी भी हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रीय सुरक्षाबलों की १४ टीमें भी तैनात की है। पलवल में तीन और गुरुग्राम, फरीदाबाद में केंद्रीय सुरक्षा बल की एक-एक टीम तैनात है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि नूंह में इंडिया रिजर्व बटालियन (आईआरएफ) के १,००० कर्मियों की तैनाती की जाएगी।



