134 Views

प्रधानमंत्री मोदी ने १ लाख लोगों को दी बड़ी सौगात, पीएम-जनमन के तहत जारी की पहली किस्त

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानि १५ जनवरी को पीएम-जनमन के तहत पीएमएवाई (ग्रामीण) के एक लाख लाभार्थियों को पहली किस्त जारी की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने पीएम-जनमन के लाभार्थियों के साथ बातचीत भी की।
प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने आज दोपहर १२ बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम-जनमन) के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण (पीएमएवाई – जी) के एक लाख लाभार्थियों को पहली किस्त जारी की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर पीएम-जनमन के लाभार्थियों से बातचीत भी की।
अंत्योदय के मिशन के तहत, समाज के अंतिम पायदान पर खड़े अंतिम व्यक्ति को सशक्त बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के तहत जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर १५ नवंबर २०२३ को विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के सामाजिक-आर्थिक कल्याण के लिए पीएम-जनमन योजना की शुरुआत की गई थी।
लगभग २४,००० करोड़ रुपए के बजट वाली पीएम-जनमन योजना, ९ मंत्रालयों के माध्यम से ११ महत्वपूर्ण सुविधाओं को लेकर काम करती है और इसका उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों को घरों और बस्तियों को सुरक्षित आवास एवं स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ, जल एवं स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण, बिजली, सड़क और दूरसंचार कनेक्टिविटी और स्थायी आजीविका के अवसर मुहैया कराकर इनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार करना है।

Scroll to Top