112 Views

फेडरल सरकार ने विदेशियों द्वारा कैनेडा में घर खरीदने पर प्रतिबंध को २०२७ तक बढ़ाया

ओटावा। कैनेडा में बढ़ते आवासीय संकट और आसमान छूते किराए को देखते हुए सरकार ने विदेशी नागरिकों द्वारा देश में घर खरीदने पर लगे प्रतिबंध को दो वर्ष और बढ़ाने की घोषणा की है।
क्रिस्टिया फ्रीलैंड ने एक बयान में विस्तार की घोषणा करते हुए कहा कि कैनेडा विदेशियों द्वारा घर खरीदने पर प्रतिबंध को २०२७ तक बढ़ा रहा है।
पिछले साल लागू हुआ यह प्रतिबंध २०२५ की शुरुआत में समाप्त होने वाला था। इसके तहत विदेशी वाणिज्यिक उद्यमों और ऐसे लोग जो कैनेडियन नागरिक या स्थायी निवासी नहीं हैं, उन्हें कैनेडा में आवासीय संपत्ति खरीदने से प्रतिबंधित किया गया है।
हालांकि इस प्रतिबंध में कुछ लोगों को छूट दी गई है, जिनमें अस्थायी कार्य परमिट वाले लोग, शरणार्थी दावेदार और कुछ मानदंडों को पूरा करने वाले अंतरराष्ट्रीय छात्र शामिल हैं।
प्रतिबंध का उल्लंघन करते हुए पाए गए गैर-कैनेडियन लोगों पर १०,००० डॉलर तक का जुर्माना लगाया जाएगा और संपत्ति बेचने का आदेश दिया जाएगा।
फ्रीलैंड ने बयान में कहा, “विदेशी खरीदार प्रतिबंध को बढ़ाकर, हम यह सुनिश्चित करेंगे कि घरों का उपयोग कैनेडियन परिवारों के रहने के लिए घरों के रूप में किया जाए और यह एक सट्टा वित्तीय परिसंपत्ति वर्ग (स्पेक्युलेटिव फाइनेंस एसेट क्लास) न बनें।”
“सरकार पूरे देश में कैनेडियन लोगों के लिए आवास को और अधिक किफायती बनाने के लिए सभी संभावित उपकरणों का उपयोग करने का प्रयास कर रही है।”
सरकार का कहना है कि विदेशी खरीदारों पर प्रतिबंध कैनेडियन लोगों के लिए उपलब्ध घरों की संख्या बढ़ाने के लिए हाल ही में घोषित अन्य उपायों के साथ मिलकर काम करता है। इसमें नए प्रयोजन-निर्मित किराये पर जीएसटी को हटाना और आवास के लिए नगर पालिकाओं को अरबों रुपये देना शामिल है।

Scroll to Top