टेक्सास,०९ मई। टेक्सास में एक बस स्टाप पर खड़े लोगों को बेकाबू कार ने कुचल दिया, जिसमें ७ सात लोगों की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना मैक्सिकन सीमा के पास ब्राउन्सविले शहर में स्थानीय समयानुसार रविवार शाम को लगभग साढ़े आठ बजे हुई।
पुलिस ने स्थानीय मीडिया को बताया कि यह घटना जानबूझकर की गई प्रतीत होती है। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ितों में अधिकांश वेनेज़ुएला के पुरुष थे।
पुलिस अधीक्षक माल्डोनाडो ने बताया कि हमने सीसीटीवी वीडियो में देखा कि एक एसयूवी रेंज रोवर तेज गति से सामने से आई और लोगों को रौंदते हुए चली गई। ब्राउन्सविले पुलिस विभाग के लेफ्टिनेंट मार्टिन सैंडोवल ने स्थानीय मीडिया को बताया कि ड्राइवर को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही उसका ड्रग और अल्कोहल परीक्षण चल रहा है। अमेरिकी सीमा सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, हाल ही में ब्राउन्सविले शहर में अवैध प्रवासी आगमन में तेजी से वृद्धि देखी गई है। आशंका है कि इसी से क्षुब्ध होकर कार चालक द्वारा यह घटना की गई हो सकती है।



