140 Views

चाकूबाजी में छह लोगों की मौत से थर्राया ओटावा, आरोपी गिरफ्तार

ओटावा। ओटावा में चाकूबाजी की घटना से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। इस घटना में एक ही परिवार छह लोग मारे गए हैं। ओटावा पुलिस ने श्रीलंका के १९ वर्षीय छात्र को अपने साथ रहने वाले छह लोगों की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मृतकों में एक ही परिवार के चार बच्चे शामिल हैं।
ओटावा के पुलिस प्रमुख एरिक स्टब्स ने मीडिया को बताया कि आरोपी ने धारदार हथियार से लोगों पर हमला किया। आरोपी की पहचान फेब्रियो डी-ज़ोयसा के रूप में की गई है। उस पर फर्स्ट-डिग्री हत्या के छह मामले और हत्या के प्रयास का एक आरोप लगाया गया है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि मृतक श्रीलंकाई नागरिक हैं जो हाल ही में कैनेडा आए थे। इनमें ३५ साल की मां, सात साल का बेटा, चार साल की बेटी, दो साल की बेटी और ढाई महीने की बच्ची भी शामिल है। साथ ही ४० वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हुई है, जो परिवार का परिचित था।
पुलिस ने वयस्क पीड़ितों में से एक की पहचान ३५ वर्षीय दर्शनी बनबरनायके गामा वालवे दर्शनी दिलनथिका एकन्याके के रूप में की है। उनके पति भी घायल हो गए और स्थिर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।

 

Scroll to Top