ब्रैम्पटन। पील पुलिस ने पिछले महीने ब्रैम्पटन के १८ वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और एक किशोर संदिग्ध की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि १९ दिसंबर को सूचना मिली कि एक युवक को गोली लगने से गंभीर हालत में अस्पताल में पहुंचाया गया है। बाद में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पीड़ित की पहचान भारतीय मूल के १८ वर्षीय निशान थिंड के रूप में हुई।
पुलिस ने कहा कि थिंड को अज्ञात स्थान और समय पर गोली मारी गई थी।
इस सप्ताह की शुरुआत में, हत्याकांड की जांच कर रहे अधिकारियों ने ब्रैम्पटन के एक घर में वारंट के आधार पर तलाशी ली और १८ वर्षीय आरोपी प्रीतपॉल सिंह को हिरासत में ले लिया।
उस पर अपराध करने में सहायक होने का आरोप लगाया गया है।
इस बीच, कथित शूटर, जिसके बारे में पुलिस ने कहा कि वह १६ साल का लड़का है, अभी भी फरार है। वह मानव वध (होमीसाइड) के लिए कैनेडा-व्यापी वारंट पर वांछित है।
युवा आपराधिक न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत पुलिस उसका नाम जारी नहीं कर सकती।
पुलिस सरगर्मी से आरोपी किशोर की तलाश कर रही है। पुलिस ने लोगों से आरोपी से संबंधित कोई भी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन अथवा क्राइम स्टॉपर्स को गुप्त रूप से देने का आग्रह किया है।



