81 Views

कंबोडिया में नेशनल असेंबली के चुनाव परिणामों की घोषणा चार अगस्त को

नोम पेन्ह ,०२ अगस्त। कंबोडिया राष्ट्रीय चुनाव समिति (एनईसी) ने मंगलवार को कहा कि नेशनल असेंबली में सीटों के आवंटन के साथ देश में आम चुनाव के आधिकारिक परिणामों की घोषणा की चार अगस्त को की जाएगी। एनईसी के अस्थायी परिणामों के अनुसार प्रधानमंत्री सैमडेच टेको हुन सेन की सत्तारूढ़ कंबोडियन पीपुल्स पार्टी (सीपीपी) ने २३ जुलाई को हुए आम चुनाव में भारी जीत हासिल की है।
उल्लेखनीय है कि कंबोडिया में १२५ सीटों वाली नेशनल असेंबली के लिए संसद के सदस्यों का चुनाव करने के लिए हर पांच साल में एक बार मतदान होता है और इस साल यहां कुल १८ राजनीतिक दलों ने चुनाव हिस्सा लिया। अस्थायी परिणामों के मुताबिक सीपीपी ने कुल ७,७७४,२७६ वैध वोटों में से ६,३९८,३११ वोट हासिल किये हैं। वहीं प्रिंस नोरोडोम चक्रवूथ की फंकिनपेक पार्टी को ७१६,४९० वोट मिले है।
एनईसी के अस्थायी परिणामों के आधार पर सीपीपी ने कहा था कि उसने १२० संसदीय सीटें जीती हैं, जबकि फंकिनपेक पार्टी ने शेष पांच सीटों को प्राप्त किया है। हुन सेन (३८ से अधिक वर्षों तक कंबोडिया के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया है) ने पिछले हफ्ते घोषणा की कि वह २२ अगस्त को पद छोड़ देंगे और सत्ता की बागडोर अपने सबसे बड़े पुत्र हुन मानेट को सौंप देंगे।
सत्तर वर्षीय हुन सेन ने कहा कि नव निर्वाचित नेशनल असेंबली २१ अगस्त को अपना पहला सत्र आयोजित करेगी। हुन मैनेट के नेतृत्व में एक नई कैबिनेट को २२ अगस्त को शपथ दिलाई जाएगी। पैंतालीस वर्षीय मानेट वर्तमान में सीपीपी की स्थायी समिति के एक सदस्य और रॉयल कंबोडियन सशस्त्र बलों के एक उप कमांडर-इन-चीफ हैं।

Scroll to Top