चंडीगढ़ ,२३ सितंबर ।पंजाब से राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने कैनेडा के साथ भारतीय राजनीतिक विवाद पर कहा कि उनका हमेशा से दृढ़ विश्वास रहा है कि बातचीत ही हर कूटनीतिक समस्या का एकमात्र समाधान है। साहनी ने गहरी चिंता जताते हुए कहा की कैनेडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने अपने बयान में जो भारत पर आरोप लगाए है वो अतिशयोक्ति से भरे हुए है, उन्हे सार्वजनिक बयान देने और बिना किसी ठोस आधार के एक वरिष्ठ भारतीय राजनयिक को निर्वासित करने के बजाय, अपनी संप्रभु धरती पर हुई किसी भी कार्रवाई में भारत के किसी भी हस्तक्षेप के बारे में अपनी चिंताओं या संदेह पर राजनयिक चैनलों के माध्यम से भारत के साथ बातचीत शुरू करनी चाहिए थी।
साहनी ने भारत सरकार से यह भी अनुरोध किया कि शत्रुता हमें कहीं नहीं ले जाती। वीजा जारी करना बंद करना एक दुर्भाग्यपूर्ण कदम है। कैनेडा में लाखों पंजाबी रहते हैं, एक गलत कदम और उन्हें भारी नुकसान का सामना करना पड़ेगा। यदि गौर किया जाए तो आम तौर पर बड़े पैमाने पर सभी कैनेडियन सिख भारत समर्थक हैं और मुट्ठी भर कट्टरपंथियों के कृत्य के लिए उन्हें अपमानित नहीं किया जा सकता।
साहनी, जो विश्व पंजाबी संगठन के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं, ने कहा कि वह इस मुद्दे के शांतिपूर्ण समाधान के लिए कई प्रगतिशील कैनेडियन सांसदों के संपर्क में हैं। वहीं विश्व पंजाबी संगठन के टोरंटो, मॉन्ट्रियल और ओटावा चैप्टर भी इस कठिन समय में एकता और भाईचारे के अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हैं।



