120 Views

दावानल की चपेट में कैनेडा के अधिकांश जंगल, कैनेडियन सेना ने सैकड़ों लोगों को सुरक्षित निकाला

ओटावा, १७ अगस्त।दावानल ने कैनेडा के अधिकांश जंगलों को अपने आगोश में ले लिया है। सैकड़ों स्थानों पर हालात काबू से बाहर हो गए हैं कैनेडियन सेना विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रही है। कैनेडियन सेना ने देश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में जंगल की भीषण आग के बीच सैकड़ों लोगों को हवाई मार्ग से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है।
रिपोर्ट के अनुसार, कैनेडा वर्तमान में अपने सबसे खराब दावानल के दौर का दंश झेल रहा है। मंगलवार तक देश भर में लगभग १,१०० स्थानों पर जंगलों में आग धधक रही है।
अब तक कुल १.३२ करोड़ हेक्टेयर भूमि जल चुकी है। यह लगभग ग्रीस के आकार के बराबर है।
भीषण दावानल के परिणामस्वरूप, कैनेडियन सरकार ने आग से लडऩे और निकासी के समन्वय में मदद करने के लिए उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में सेना तैनात की है।
सोमवार की रात, क्षेत्रीय राजधानी येलोनाइफ़ ने जंगल की आग के आसन्न खतरे के कारण स्थानीय आपातकाल की घोषणा कर दी थी।
यह घोषणा शहर को खतरे से पहले ही कदम उठाने और निवासियों को नोटिस मिलने पर तुरंत दूसरी जगह जाने के लिए तैयार रहने के उद्देश्य से की गई।
उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में इस जुलाई में रिकॉर्ड तापमान देखा गया, जो फोर्ट गुड होप में ३७.४ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
ब्रिटिश कोलंबिया में भी दावानल धधक रहे हैं जहां इस सप्ताह रिकॉर्ड-उच्च तापमान के कारण कई मौसम विभाग ने कई चेतावनी जारी की है।

Scroll to Top