162 Views

मेयर पद की दौड़ में मैटलो, बैलाओ, चाउ सबसे आगे, नए पोल में हुआ खुलासा

टोरंटो,१५ अप्रैल। पोलस्टर मेनस्ट्रीट रिसर्च के एक नए सर्वेक्षण से पता चला है कि टोरंटो के अगले मेयर की दौड़ में नगर पार्षद जोश मैटलो, पूर्व डिप्टी मेयर एना बैलाओ और पूर्व एनडीपी सांसद ओलिविया चाउ सबसे आगे हैं। सर्वे के मुताबिक मार्क सॉन्डर्स चौथे स्थान पर हैं।
शुक्रवार को जारी किए गए इस पोल के परिणाम ७४६ टोरंटो निवासियों से आए हैं जिन्होंने इस सप्ताह के शुरू में किए गए एक स्वचालित (ऑटोमेटेड) टेलीफोन सर्वेक्षण का जवाब दिया था।पोल में त्रुटि का मार्जिन ३.५ प्रतिशत है।
सर्वे के अनुसार सभी प्रत्याशियों में मैटलो १८.१ प्रतिशत रूझान के साथ सूची में सबसे ऊपर हैं, इसके बाद बेलाओ १६.८ प्रतिशत और चाउ १६.२ प्रतिशत हैं। सॉन्डर्स १२.६ प्रतिशत के साथ चौथे स्थान पर हैं।
आपको बता दें कि शुक्रवार तक टोरंटो में मेयर पद के लिए ४६ उम्मीदवार पंजीकृत हुए हैं।
टोरंटो मेयर पद के लिए उपचुनाव २६ जून, सोमवार को होगा।

Scroll to Top