कोलंबो, १६ सितंबर। कुसाल मेंडिस के अर्धशतक के बाद चरिथ असलंका की प्रतिकूल प्रतिस्थितियों में धैर्यपूर्ण पारी से श्रीलंका ने एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के वर्षा से प्रभावित सुपर चार चरण के बेहद रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को डकवर्थ-लुईस पद्धति के तहत दो विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई जहां उसका सामना रविवार को भारत से होगा।
पाकिस्तान के २५२ रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने मेंडिस की ८७ गेंद में आठ चौकों और एक छक्के से ९१ रन की पारी और समरविक्रम (४८) के साथ उनकी तीसरे विकेट की १०० रन की साझेदारी से अंतिम गेंद पर आठ विकेट पर २५२ रन बनाकर जीत दर्ज की। असलंका ने ४७ गेंद में तीन चौकों और एक छक्के से नाबाद ४९ रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।
विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान ने इससे पहले ७३ गेंद में छह चौकों और दो छक्कों से नाबाद ८६ की पारी खेलने के अलावा इफ्तिखार अहमद (४७ रन, ४० गेंद, चार चौके, दो छक्के) के साथ छठे विकेट के लिए १०८ रन जोड़कर पाकिस्तान का स्कोर सात विकेट पर २५२ रन तक पहुंचाया। इन दोनों की साझेदारी से पाकिस्तान अंतिम १० ओवर में १०२ रन जोडऩे में सफल रहा। सलामी बल्लेबाज अब्दुल्ला शफीक ने भी शीर्ष क्रम में ६९ गेंद में तीन चौकों और दो छक्कों से ५२ रन बनाए।
बारिश के कारण मैच की शुरुआत में ही विलंब हुआ जिसके कारण इसे ४५ ओवर का कर दिया गया। मैच के बीच में दोबारा बारिश आई जिसके कारण मैच में ओवरों की संख्या फिर घटाकर ४२ कर दी गई। श्रीलंका को डकवर्थ-लुईस पद्धति के तहत २५२ रन का लक्ष्य मिला।
श्रीलंका की तरफ से मथीसा पथिराना सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने ६५ रन देकर तीन विकेट चटकाए। प्रमोद मदुसान ने ५८ रन पर दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे श्रीलंका के लिए कुसाल परेरा (१७) ने तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने शाहीन शाह अफरीदी (५२ रन पर दो विकेट) के दो ओवर में तीन चौके मारे लेकिन इसके बाद तेज रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए।
निसांका और कुसाल मेंडिस ने इसके बाद मोर्चा संभाला। निसांका ने जमान पर लगातार दो चौके मारने के बाद मोहम्मद वसीम का स्वागत भी लगातार दो चौकों के साथ किया।
मेंडिस ने भी शाहीन पर दो चौके जड़े। श्रीलंका के रनों का अर्धशतक आठवें ओवर में पूरा हुआ।
लेग स्पिनर शादाब खान ने निसांका का अपनी ही गेंद पर कैच लपककर इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने २९ रन बनाए।
मेंडिस को इसके बाद सदीरा समरविक्रम के रूप में उम्दा जोड़ीदार मिला। समरविक्रम ने १८वें ओवर में शादाब पर दो चौकों के साथ टीम के रनों का शतक पूरा किया जबकि मेंडिस ने भी इस ओवर में चौका जड़ा।
दोनों ने स्ट्राइक रोटेट करने को तरजीह दी और खराब गेंद को सबक भी सिखाया। मेंडिस ने मोहम्मद वसीम की गेंद पर दो रन के साथ ४७ गेंद में अर्धशतक पूरा किया।
श्रीलंका को अंतिम १५ ओवर में जीत के लिए ९२ रन की जरूरत थी।
समरविक्रम ने इफ्तिखार (५० रन पर तीन विकेट) पर दो रन से मेंडिस के साथ शतकीय साझेदारी पूरी की लेकिन अगली गेंद पर रिजवान के हाथों स्टंप हो गए। उन्होंने ५१ गेंद का सामना करते हुए चार चौके मारे।
मेंडिस ने जमान पर चौका मारा जबकि चरिथ असलंका ने इफ्तिखार पर छक्के के साथ अपने तेवर दिखाए।
मेंडिस ने इफ्तिखार पर छक्के के साथ रनों को गेंद की संख्या से कम किया। वह हालांकि इस स्पिनर के अगले ओवर में गेंद को हवा में लहराकर मोहम्मद हारिस को कैच दे बैठे।
श्रीलंका को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए ३३ रन की दरकार थी।
इफ्तिखार ने कप्तान दासुन शनाका (०२) को नवाज के हाथों कैच कराके श्रीलंका की मुसबीत बढ़ाई।
असलंका ने शाहीन पर चौके के साथ गेंद और रन के बीच के अंतर को कम किया और फिर जमान की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए।
श्रीलंका को अब अंतिम दो ओवर में १२ रन की जरूरत थी। शाहीन की फुलटॉस को धनंजय डिसिल्वा (०५) लांग ऑन पर वसीम के हाथों में खेल गए जबकि अगली गेंद पर दुनिथ वेलालागे (००) ने विकेटकीपर रिजवान को कैच थमाया।
जमान के अंतिम ओवर में श्रीलंका को आठ रन की जरूरत थी। शुरुआती तीन गेंद पर सिर्फ दो रन बने जबकि चौथी गेंद पर मदुसान रनआउट हो गए। पांचवीं गेंद असलंका के बल्ले का किनारा लेकर स्लिप क्षेत्र से चार रन के लिए चली गई।
जमान की अंतिम गेंद पर असलंका ने दो रन के साथ टीम की जीत सुनिश्चित की।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने वाले पाकिस्तान ने पांचवें ओवर में ही फखर जमां (०४) का विकेट गंवा दिया जिन्हें मदुसान ने बोल्ड किया।
शफीक और कप्तान बाबर आजम (२९) ने दूसरे विकेट के लिए ६४ रन जोड़कर पारी को संभाला। दोनों ने १० ओवर में टीम का स्कोर एक विकेट पर ४० रन तक पहुंचाया।
शफीक ने दुनिथ वेलालागे पर पारी का पहला छक्का जड़ा और फिर पथिराना पर चौके के साथ १२वें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया।
बाबर ने श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका और पथिराना पर चौके मारे लेकिन भारत के खिलाफ पिछले मैच में पांच विकेट चटकाने वाले वेलालागे ने उन्हें विकेटकीपर मेंडिस के हाथों स्टंप करा दिया।
शफीक ने धनंजय डिसिल्वा पर छक्का और एक रन के साथ ६५ गेंद में करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया। वह हालांकि अगले ओवर में पथिराना की गेंद को हवा में लहराकर डीप स्क्वायर लेग पर मुदसान को कैच दे बैठे। उन्होंने अपनी पारी में ६९ गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और दो छक्के मारे।
पथिराना ने अगले ओवर में मोहम्मद हारिस (०३) का कैच लपककर २४वें ओवर में पाकिस्तान का स्कोर चार विकेट पर १०८ रन किया।
ऑफ स्पिनर महीश तीक्षणा ने मोहम्मद नवाज (१२) को बोल्ड करके पाकिस्तान को पांचवां झटका दिया।
नवाज के २८वें ओवर में आउट होते ही बारिश आ गई और खेल दोबारा शुरू होने पर मैच को ४२ ओवर का कर दिया गया।
इफ्तिखार ने वेलालागे पर चौके के साथ ३२वें ओवर में टीम का स्कोर १५० रन के पार पहुंचाया।
रिजवान और इफ्तिखार दोनों ने अगले ओवर में मदुसान पर छक्के जड़े। रिजवान ने अगले ओवर में वेलालागे पर छक्के और चौके के साथ ४८ गेंद में अर्धशतक पूरा किया। रिजवान और इफ्तिखार ने अंतिम ओवरों में तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।



