कुआलालंपुर, २७ जुलाई। मलेशिया के गुमनाम से तेज गेंदबाज सियाजरूल इद्रुस ने टी२० विश्व कप एशिया बी क्वालीफायर में सात विकेट लेकर अंतरराष्ट्रीय पुरूष क्रिकेट में टी२० गेंदबाजी का नया रिकॉर्ड बनाया।
इद्रुस ने आठ रन देकर सात विकेट लिये जिसकी मदद से मलेशिया ने चीन को आठ विकेट से हराया । इद्रुस ने सभी विकेट बोल्ड किये ।
अब तक २२ टी२० खेल चुके ३२ वर्ष के इद्रुस ने नाइजीरिया के पीटर ओहो का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने सियरा लियोन के खिलाफ २०२१ में पांच रन देकर छह विकेट लिये थे ।
आईसीसी के पूर्णकालिक सदस्यों में भारत के दीपक चाहर के नाम टी२० में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड है जिन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ २०१९ में सात रन देकर छह विकेट लिये थे । समग्र रूप से वह इस सूची में दिनेश नकरानी के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं जिन्होंने युगांडा के खिलाफ २०२१ में सात रन देकर छह विकेट लिये थे ।
नीदरलैंड की फ्रेडरिक ओवरदिज्क के नाम महिला और पुरूष दोनों वर्गों में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड है जिन्होंने फ्रांस के खिलाफ २०२१ में तीन रन देकर सात विकेट लिये थे ।
पुरूषों के टी२० क्रिकेट में १२ गेंदबाज छह या अधिक विकेट एक मैच में ले चुके हैं जिनमें चाहर, भारत के युजवेंद्र चहल, आस्ट्रेलिया के एश्टोन एगर और श्रीलंका के अजंता मेंडिस शामिल हैं ।
चीन की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए ११.२ ओवर में २३ रन पर आउट हो गई । उसका कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सका । वेइ गुओ लेइ ने सर्वाधित सात रन बनाये । मलेशिया ने ४.५ ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया ।
इस टूर्नामेंट के विजेता को नवंबर में नेपाल में होने वाले एशिया क्षेत्रीय फाइनल में प्रवेश मिलेगा जिसमें से शीर्ष दो टीमें २०२४ में टी२० विश्व कप खेलेंगी ।



