तोक्यो, २८ जुलाई। भारत के एच एस प्रणय , लक्ष्य सेन और सात्विक साइराज रंकीरेड्डी तथा चिराग शेट्टी की जोड़ी जापान ओपन बैडमिंटन के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए । बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता २१ वर्ष के सेन ने जापान के केंटा सुनेयामा को २१-१४, २१-१६ से हराया ।
कोरिया ओपन जीतने वाले सात्विक साइराज और चिराग ने डेनमार्क के लास्से मोल्हेडे और जेप्पे बे को २१-१७, २१-११ से मात दी ।
वहीं प्रणय ने हमवतन किदाम्बी श्रीकांत को १९-२१, २१-९,२१-९ से हराया ।
महिला युगल में गायत्री गोपीचंद और त्रिसा जॉली को नामी मत्सुयामा और चिरारू शिडा ने २१-२१, २१-१९ से मात दी ।
सेन ने ५० मिनट के भीतर जापानी प्रतिद्वंद्वी को हराया । पहला गेम जीतने के बाद उसने सुनेयामा को वापसी का मौका ही नहीं दिया ।
वहीं प्रणय पहला गेम हार गए थे लेकिन शानदार वापसी करके अगले दो गेम जीते । सात्विक और चिराग के लिये मुकाबला लगभग एकतरफा रहा जिन्होंने सीधे गेमों में जीत दर्ज की ।
इस सत्र में सात्विक और चिराग ने कोरिया ओपन सुपर ५००, स्विस ओपन सुपर ३०० और इंडोनेशिया ओपन सुपर १००० खिताब जीते हैं ।



