157 Views

कोहली ने खेली शतकीय पारी, आरसीबी आठ विकेट से जीती

हैदराबाद १९ मई। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने विराट कोहली (६३ गेंदें, १०० रन) के शानदार शतक और फाफ डु प्लेसिस (७१) के अर्द्धशतक की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद पर आठ विकेट की दमदार जीत के साथ आईपीएल प्लेऑफ की ओर एक और कदम बढ़ा लिया।
प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी सनराइजर्स ने हेनरिक क्लासेन (५१ गेंद, १०४ रन) के शानदार शतक की मदद से आरसीबी के सामने १८७ रन का लक्ष्य रखा। आरसीबी ने यह लक्ष्य चार गेंदें रहते हुए हासिल कर लिया।
सनराइजर्स की बल्लेबाजी की रीढ़ साबित हुए क्लासेन ने हैदराबाद पर अपनी छाप छोड़ते हुए ५१ गेंद पर आठ चौकों और छह छक्कों की सहायता से १०४ रन बनाये, हालांकि कोहली के सैकड़े के आगे उनका प्रयास बेकार चला गया।
कोहली ने आईपीएल में अपना छठा शतक बनाते हुए ६३ गेंद पर १२ चौके और चार छक्के लगाकर १०० रन बनाये। उन्होंने आईपीएल में सर्वाधिक शतक जडऩे के मामले में क्रिस गेल की बराबरी भी कर ली।
कोहली और डु प्लेसिस १७२ रन की साझेदारी के बाद लक्ष्य से कुछ दूर पहले आउट हो गये, जिसके बाद माइकल ब्रेसवेल ने विजयी रन जड़कर आरसीबी को बहुमूल्य दो अंक दिलाये।
आरसीबी इस जीत के बाद १४ अंक अर्जित करके अंक तालिका में चौथे स्थान पर आ गयी है, जबकि सनराइजर्स १३ मैचों में सिर्फ आठ अंक के साथ तालिका में सबसे नीचे १०वें स्थान पर है।

Scroll to Top