यरूशलेम ,०३ जनवरी । इजरायल की संसद ने योजनाबद्ध कैबिनेट फेरबदल कर एली कोहेन की जगह ऊर्जा मंत्री इजरायल काट्ज को देश का नया विदेश मंत्री नियुक्त करने को मंजूरी दे दी। काट्ज ने विदेश मंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद गाजा के साथ चल रहे तनाव का जिक्र करते हुए कहा, मैं युद्ध के बीच आज अपने पदभार को संभालने के लिए तैयार हूं। मंत्रालय के कर्मचारियों को मेरा पहला निर्देश गाजा में इजरायली बंधकों के मुद्दे को प्राथमिकताओं की सूची में सबसे ऊपर रखना है।
काट्ज (६८) ने पहले २०१९ से २०२० तक विदेश मंत्री के रूप में कार्य किया था। फिर से विदेश मंत्री की भूमिका में काट्ज की वापसी प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के भीतर एक आंतरिक रोटेशन समझौते का हिस्सा है। कोहेन प्रभावशाली सुरक्षा कैबिनेट में अपनी सीट बरकरार रखेंगे और २०२६ में इन के पुन: विदेश मंत्रालय प्राप्त करने की उम्मीद है। अगर वर्तमान सरकार सत्ता में बनी रहेगी, तो कोहेन फिर से विदेश मंत्री बनेंगे।



