85 Views

करीना कपूर की द क्रू की रिलीज डेट का ऐलान, २२ मार्च, २०२४ को रिलीज़ होगी

मुंबई,०६ जुलाई। एकता कपूर और रिया कपूर की फिल्म द क्रू काफी समय से चर्चा में है। यह एक कॉमेडी फिल्म है, जिसकी कहानी तीन महिलाओं पर आधारित है। फिल्म में करीना कपूर, कृति सैनन और तब्बू की तिकड़ी देखने को मिलेगी। हाल ही में फिल्म की शूटिंग खत्म होने की खबर आई थी। अब फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है। यह फिल्म २२ मार्च, २०२४ को रिलीज होगी।
फिल्म अपने कलाकारों की वजह से शुरू से ही चर्चा में है। निर्माता जोड़ी एकता और रिया कपूर ने २०१८ की फिल्म वीरे दी वेडिंग के बाद फिर से हाथ मिलाया है। लोगों की दिलचस्पी का कारण करीना, कृति और तब्बू की साझेदारी भी है। पहली बार ये तीनों पर्दे पर एक साथ नजर आएंगी। इनके साथ गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ भी इस फिल्म में नजर आएंगे। ऐसे में हर किसी को फिल्म की रिलीज डेट जानने की उत्सुकता थी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, कपिल शर्मा भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। वह इस फिल्म में एक अनोखी भूमिका निभाएंगे। ज्विगाटो के बाद अब वह इस फिल्म में दिखेंगे। फिल्म में दिलजीत दोसांझ की एंट्री ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इसकी घोषणा करते हुए रिया ने कहा था, दिलजीत को कास्ट में शामिल करने के लिए हम रोमांचित हैं। यह फिल्म बहुत खास होने वाली है, यह आपके द्वारा पहले देखी गई किसी भी एंटरटेनर फिल्म से अलग होगी।
द क्रू का निर्देशक राजेश कृष्णन कर रहे हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म द क्रू की कहानी अलग-अलग आयु वर्ग की ३ महिलाओं के जीवन के इर्द-गिर्द घूमेगी। ये तीनों महिलाएं कुछ अलग करना चाहती हैं, लेकिन उनकी किस्मत ने उनके लिए कुछ और ही सोच रखा होता है। उनके जीवन में कई चुनौतियां आती हैं, जिनको फिल्म में दिखाया जाएगा। इन चुनौतियों के साथ ही फिल्म कॉमेडी का तड़का लगाएगी।
रिया और एकता ने इससे पहले फिल्म वीरे दी वेडिंग का निर्माण किया था, जिसे शशांक घोष ने निर्देशित किया था। साल २०१८ की इस फिल्म में करीना के साथ सोनम कपूर, स्वरा भास्कर और शिखा तलसानिया नजर आई थीं। यह फिल्म भी इन ४ सहेलियों की जिंदगी पर आधारित थी। फिल्म के बोल्ड कंटेंट को लेकर खूब बवाल भी हुआ था। द क्रू के बारे में जानने के लिए लोगों को अब इसके टीजर का इंतजार है।

Scroll to Top