ब्रैम्पटन। हैमिल्टन में एक ५६ वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर उसके बेटे ने शनिवार रात हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि होमीसाइड डिटेक्टिव्स इस हत्याकांड की जांच कर रहे हैं।
रविवार दोपहर जारी एक अपडेटेड समाचार विज्ञप्ति में , पुलिस ने २२ वर्षीय आरोपी बेटे की एक तस्वीर जारी की, जो शनिवार की रात स्टोनी क्रीक में एक घर में अपने पिता को गंभीर रूप से घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने कहा कि अधिकारियों को शनिवार शाम करीब ७:४० बजे ट्राफलगर ड्राइव और मड स्ट्रीट के पास एक घर में बुलाया गया। मौके पर पुलिस ने एक अधेड़ व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया। उसे तुरंत उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने अधिकारियों को बताया कि पीड़ित के साथ झगड़े के बाद आरोपी ने अपने पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया और घर से भाग गया। पुलिस ने कहा कि संदिग्ध – जिसकी पहचान सुखज चीमा-सिंह के रूप में हुई है – माना जाता है कि घटना से लगभग ३० मिनट पहले इलाके में था और एक छोटी, गहरे रंग की एसयूवी में भाग गया था।वाहन को आखिरी बार ट्राफलगर के उत्तर में मड स्ट्रीट की ओर जाते देखा गया था। पीड़ित की पहचान स्टोनी क्रीक के ५६ वर्षीय कुलदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की तस्वीर जारी करते हुए उसके संबंध में सूचना देने की अपील की है।



