तेल अवीव ,०९ नवंबर। इज़रायल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने एक बयान में कहा है कि वह ग़ाज़ा शहर में प्रवेश कर चुका है और हमास आतंकवादियों के साथ भीषण लड़ाई जारी है। इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी पुष्टि की है कि आईडीएफ ग़ाज़ा शहर में प्रवेश कर चुका है।
इजऱायली सेना ने ग़ाज़ा शहर में आम लोगों को दक्षिणी गाजा में स्थानांतरित होने के लिए कहा है। उसने सोमवार और मंगलवार को कुछ घंटों के लिए दक्षिणी पट्टी की सड़क खोली थी। आईडीएफ ने कहा कि आठ लाख लोग पहले ही दक्षिण की ओर चले गए हैं।
इजऱायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि आईडीएफ हमास पर शिकंजा कस रहा है। सेना ने हमास के कई केंद्रों और रॉकेट लॉन्चिंग पैड को नष्ट कर दिया है। हमास की कई सुरंगें भी नष्ट कर दी गई हैं और उनके भीतर कई आतंकवादियों को मार गिराया गया है। नेतन्याहू ने त्ज़ेलेम बेस का दौरा करते हुए इजरायली सैनिकों से कहा कि वे देश को बचा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने आतंकवादी संगठन हिजबुल्ला को चेतावनी दी कि यदि वह इजऱायल पर हमला करता है तो प्रतिक्रिया अपेक्षा से कहीं बड़ी होगी।



