तेल अवीव,१० मई। गाजा पट्टी में इजराइल के हवाई हमले में १२ लोगों की मौत हो गई। वहीं २० लोग घायल हुए हैं। हमास के नियंत्रण वाली हेल्थ मिनिस्ट्री ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक मरने वालों में फिलिस्तीन इस्लामिक जिहादी मूवमेंट के शीर्ष ३ कमांडर और उनके परिवार के लोग शामिल हैं।
आईडीएफ ने जिन लोगों को निशाना बनाया, उनमें अल-कुद्स ब्रिगेड की सैन्य परिषद के सचिव कमांडर जिहाद शकेर अल-गनम शामिल थे। इसके अलावा अल कुद्स ब्रिगेड के उत्तरी क्षेत्र के कमांडर खलिल सलाह अल-बहतिनी और वेस्ट बैंक में अल कुद्स ब्रिगेड की सैन्य विंग के प्रमुख तारिक मोहम्मद एजलदीन शामिल हैं। इस्लामिक जिहाद संगठन ने कहा कि इन हमलों ने सिर्फ उसकी इच्छाशक्ति को मजबूत किया है और वह इस्राइल के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगा।



