ब्रिटिश कोलंबिया। प्रांत की एक दर्जन से अधिक मस्जिदों और इस्लामी संघों के प्रतिनिधियों ने प्रीमियर डेविड एबी को एक पत्र भेजकर माध्यमिक शिक्षा मंत्री को उनकी भूमिका से हटाने की मांग की है।
उनका यह भी कहना है कि अगले चुनाव के लिए किसी भी एनडीपी विधायक या उम्मीदवार का उनके पवित्र स्थानों में तब तक स्वागत नहीं किया जाएगा जब तक कि प्रीमियर सेलिना रॉबिन्सन के ख़िलाफ़ कार्रवाई नहीं करते।
आपको बता दें कि ब्रिटिश कोलंबिया की माध्यमिक शिक्षा मंत्री सेलिना रॉबिन्सन ने बी’नाई ब्रिथ कैनेडा द्वारा आयोजित एक ऑनलाइन पैनल चर्चा में टिप्पणी की थी कि इज़राइल की स्थापना “जमीन के एक बेकार टुकड़े” पर हुई थी। इसके बाद उन्हें चौतरफा आलोचना का सामना करना पड़ा था। वहीं कई संगठनों ने उनके इस्तीफा की मांग भी की।
इसके बाद उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में माफी मांगते हुए कहा कि उनकी टिप्पणियां “अपमानजनक” थीं और वह सीमित प्राकृतिक संसाधनों वाली भूमि का जिक्र कर रही थीं। उन्होंने बिना शर्त माफ़ी भी मांगी।
प्रीमियर एबी ने कहा है कि रॉबिन्सन की टिप्पणियाँ गलत, आहत करने वाली और प्रांत में विभाजन बढ़ाने वाली थीं।



