टोरंटो २२ सितंबर। कैनेडा में इन दिनों लोगों पर महंगाई की जबरदस्त मार पड़ रही है। जाहिर है ट्रुडो सरकार लोगों को राहत दिलाने में अभी तक फ़ेल रही है। हालांकि इस दिशा में एक पहल जरूर की गयी है। फेडरल सरकार अब महिलाओं को मासिक धर्म (पीरियड) संबंधी उत्पाद, जैसे कि सैनेटरी पैड आदि मुफ्त में मुहैया कराने वाली है। बताया गया है कि कम आय और समाज में हाशिए पर रहने वाली कम्युनिटीज़ की लड़कियों और महिलाओं को इस तरह के उत्पाद बांटे जाएंगे। यह सरकार का एक नया पायलट प्रोग्राम है, जिसके तहत टोरंटो के कुछ फूड बैंकों में महिलाओं के लिए ऐसे उत्पाद निशुल्क पेश किए जाएंगे।
गौरतलब है कि कैनेडा में इन दिनों खाने-पीने की वस्तुओं से लेकर अन्य चीजों के अलावा घर की कीमतें आसमान छू रही हैं। ऐसे में तमाम लोगों के सम्मुख बड़ा संकट पैदा हो गया है। मांस आदि खरीदना कई लोगों ने छोड़ दिया है, इसके बजाय वे शाकाहारी भोजन करने लगे हैं।
कैनेडा के कई शहरों में फूड बैंक के बाहर लंबी लाइनों में लोग घंटों इंतजार करते हैं। जहां से वे ताज़ा सब्ज़ियां, दूध व चिकन आदि ले जाते हैं। लेकिन महिलाओं के सैनेटरी पैड भी कम महंगे नहीं हैं, जिन्हें खरीदना उनकी मजबूरी होती है। चिंता कम आय वर्ग की छात्राओं की ज्यादा रहती है, जो पीरियड के दौरान स्कूल नहीं जा रही हैं। अब फेडरल सरकार ने इस बाबत कदम उठाने का फैसला किया है। माना जा रहा है कि सैनेटरी पैड आदि दिसंबर के मध्य तक फूड बैंकों और सामुदायिक संगठनों में उपलब्ध हो जाएंगे।
यहां बता दें कि कैनेडियन नागरिकों की शिकायत रहती है कि स्टोर्स से सामान खरीदना बहुत मुश्किल भरा होता जा रहा है। लेकिन सरकार महंगाई पर लगाम कसने के लिए कोई उपाय नहीं कर रही है। हालांकि महिलाओं को मासिक धर्म संबंधी उत्पाद फ्री में बांटना एक अच्छा कदम है। पर सिर्फ यही पर्याप्त नहीं होगा, क्योंकि जिस तरह की स्थिति से लोग गुजर रहे हैं, वैसे में उन्हें और अधिक मदद की जरूरत है।



