लंदन,२६ दिसंबर। दक्षिण-पूर्व इंग्लैंड में स्थानीय सिख समुदाय द्वारा एकत्र की गई बड़ी राशि को चुराने की साजिश रचने के आरोप में भारतीय मूल के सिख मां-बेटे को कुल मिलाकर चार साल से कम कारावास की सजा सुनाई गई है। लगभग £८,००० की यह धनराशि, १५ सितंबर को क्लोवेल्ली रोड, साउथेम्प्टन के एक स्थान से चुराई गई थी।
हैम्पशायर और आइल ऑफ वाइट कांस्टेबुलरी पुलिस ने एक प्रेस बयान में कहा,“यूनियन रोड साउथेम्प्टन की ४१ वर्षीय कलवंत कौर और उसके २२ वर्षीय बेटे जंग सिंह लंकापाल को गिरफ्तार किया गया था, और उन पर चोरी की साजिश रचने का आरोप लगाया गया था, जिसे दोनों ने अक्टूबर में स्वीकार कर लिया था। ”
पिछले सप्ताह सज़ा के लिए उपस्थित होने पर, कौर को १५ महीने की जेल हुई और लंकापाल को ३० महीने की जेल की सज़ा सुनाई गई। अदालत के अनुसार स्थानीय सिख समुदाय की महिलाओं के एक समूह ने समुदाय के भीतर एक शादी के लिए सहायतार्थ यह रकम एकत्रित की थी।



