128 Views

मोरक्को के खिलाफ डेविस कप में भारत का पलड़ा भारी, बोपन्ना की होगी विदाई

लखनऊ, १६ सितंबर। मोरक्को के खिलाफ डेविस कप विश्व ग्रुप दो का मुकाबला भारत के लिए मुश्किल नहीं होगा लेकिन यह खास इसलिये है क्योंकि करीब २१ साल बाद रोहन बोपन्ना के डेविस कप कैरियर पर विराम लगने जा रहा है । पिछले कुछ साल में एटीपी सर्किट पर बड़े खिलाडिय़ों को चुनौती देने वाले एकल खिलाडिय़ों के अभाव और जीते जा सकने वाले मैचों में मिली हार से भारतीय डेविस कप टीम का प्रदर्शन काफी प्रभावित हुआ है। फरवरी में टीम विश्व ग्रुप दो में खिसक गई जो अब तक नहीं हुआ था। नया प्रारूप २०१९ में लांच होने के बाद से यह पहली बार है कि भारतीय टीम इस स्तर पर गिरी है। भारत पिछली बार मार्च में डेविस कप मुकाबले में डेनमार्क से २-३ से हार गया था।
इस सत्र में भारतीय टेनिस ने कोई यादगार पल नहीं देखे लेकिन पिछले सप्ताह बोपन्ना अमेरिकी ओपन पुरूष युगल के फाइनल में पहुंचे। युकी भांबरी ने एकल खेलना छोड़ दिया है जबकि रामकुमार रामनाथन शीर्ष ५५० से भी बाहर हो गए हैं । इस सत्र में अलग अलग टूर्नामेंटों में रामनाथन १७ बार पहले दौर से बाहर हो गए। यही वजह है कि कप्तान रोहित राजपाल ने उन्हें टीम में नहीं लिया। हालांकि वह अभ्यास में मदद के लिये टीम का हिस्सा हैं । बोपन्ना ४३ वर्ष की उम्र में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके स्ट्रोक्स में अभी भी धार है और वह जबर्दस्त विनर लगा रहे हैं। उनकी इच्छा को देखते हुए विदाई मैच उनके शहर बेंगलुरू में खेला जाता तो बेहतर रहता।
लखनऊ में स्टेडियम की दर्शक क्षमता १३०० है लेकिन बेंगलुरू में ६,५०० दर्शक बैठ सकते हैं । वर्ष २००२ में पदार्पण के बाद से अब तक खेले गए ३२ मैचों में से बोपन्ना ने २२ मैच जीते हैं जिनमें दस एकल हैं। एआईटीए ने बृहस्पतिवार की रात को बोपन्ना का एक विशेष समारोह में अभिनंदन किया । उनके कई दोस्त और परिजन इस मैच को देखने के लिये पहुंचे हैं। भारत के नंबर एक एकल खिलाड़ी सुमित नागल फॉर्म में हैं। वह आस्ट्रिया में चैलेंजर टूर्नामेंट फाइनल खेलकर आये हैं जो इस सत्र में उनका तीसरा फाइनल था। शशि मुकुंद भारत के लिये पदार्पण करोंगे। उन्हें २०१९ में भी पाकिस्तान के खिलाफ टीम में जगह दी गई थी लेकिन चोट के कारण उन्होंने नाम वापिस ले लिया था।
दिग्विजय प्रताप सिंह भी टीम में है जिन्हें औपचारिकता के मैच में उतारा जा सकता है। मोरक्को की टीम में एक ही खिलाड़ी एलियोट बेनचेट्रिट से भारत को चुनौती मिल सकती है। उन्होंने शीर्ष सौ में शामिल खिलाडिय़ों को हराया है और ग्रैंडस्लैम भी खेल चुके हैं। मोरक्को के दूसरे एकल खिलाड़ी २० वर्ष के यासिन डी हैं जो रैंकिंग में ५५७वें स्थान पर हैं। एडम मूंडिर ७७९वें स्थान पर हैं जबकि वालिद अहूडा और यूनिस लालामी तो शीर्ष १००० में भी नहीं हैं।

Scroll to Top